Elvish Yadav Case: पहले फायरिंग, अब रंगदारी… लॉरेंस की रडार पर एल्विश यादव!

Sandesh Wahak Digital Desk: बिग बॉस OTT 2 के विजेता और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर एल्विश यादव को जान से मारने की धमकी और 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का गंभीर मामला सामने आया है।

अज्ञात व्यक्ति ने विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल और मैसेज भेजकर खुद को गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का करीबी बताया और एल्विश यादव के साथ-साथ उनके पिता को भी गोली मारने की धमकी दी।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना 5 मई 2026 की है। एल्विश यादव के व्हाट्सएप पर पहले एक अनजान कॉल आई, जिसे उन्होंने रिसीव नहीं किया।

इसके कुछ ही देर बाद मैसेज भेजकर उनसे 10 करोड़ रुपये की मांग की गई। आरोपियों ने दो दिन के भीतर रकम न देने पर गंभीर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी।

इस मामले को लेकर एल्विश यादव ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर गुरुग्राम पुलिस ने सेक्टर-56 थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2) और 351(2) के तहत केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस अब कॉल और मैसेज की लोकेशन, नंबर की सच्चाई और इसके पीछे सक्रिय नेटवर्क की जांच कर रही है।

Elvish Yadav

पहले भी हो चुका है हमला

यह पहला मौका नहीं है जब एल्विश यादव सुरक्षा खतरे में आए हों। अगस्त 2025 में उनके घर पर बाइक सवार बदमाशों ने 10–12 राउंड फायरिंग की थी।

उस मामले में भी सेक्टर-56 थाना पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया था और फरीदाबाद से एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई थी।

जांच के दायरे में लॉरेंस गैंग

लगातार मिल रही धमकियों के बाद अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस ताजा रंगदारी मामले में वाकई लॉरेंस बिश्नोई गैंग का कोई सीधा या परोक्ष संबंध है, या फिर गैंग का नाम इस्तेमाल कर किसी और ने डराने की कोशिश की है।

फिलहाल, पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा पहलुओं और डिजिटल सबूतों की गहन जांच में जुटी है।

Also Read: Director Box Office: एस.एस. राजामौली या आदित्य धर, पिछली 3 फिल्मों की कमाई में कौन आगे?

Get real time updates directly on you device, subscribe now.