सपा ने पोस्टर के जरिए बागी विधायकों पर बोला हमला, होर्डिंग पर लिखा- न कैबिनेट मिला, न स्वतंत्र प्रभार, 2027 में होगी हार

Lucknow News: योगी कैबिनेट विस्तार के अगले ही दिन उत्तर प्रदेश की राजनीति में पोस्टर पॉलिटिक्स चरम पर पहुँच गई है। समाजवादी पार्टी ने लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय के बाहर एक विशाल होर्डिंग लगाकर अपने बागी विधायकों को निशाने पर लिया है। इस होर्डिंग में अयोध्या के अभय सिंह, अमेठी के राकेश प्रताप सिंह और कौशांबी की पूजा पाल की तस्वीरें लगाई गई हैं। हालांकि पोस्टर पर उनके नाम नहीं हैं, लेकिन एक चुटीले स्लोगन के जरिए उनकी राजनीतिक स्थिति पर सीधा तंज कसा गया है।

केवल मनोज पांडेय को मिली जगह

सपा के इस हमले की मुख्य वजह कैबिनेट विस्तार का परिणाम है। चर्चा थी कि सपा से दूरी बनाने वाले कई बागी चेहरों को मंत्री पद मिल सकता है, लेकिन अंतिम सूची में केवल मनोज पांडेय ही जगह बना पाने में सफल रहे। इसी को आधार बनाकर सपा ने होर्डिंग पर लिखा है- न कैबिनेट मिला, न स्वतंत्र प्रभार। 2027 में होगी सबसे बड़ी हार। पार्टी का स्पष्ट संदेश है कि जिन नेताओं ने दगाबाजी की, उन्हें भाजपा सरकार में भी वह सम्मान या पद नहीं मिला जिसकी वे उम्मीद कर रहे थे।

2027 की जंग के लिए अभी से किलेबंदी

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस होर्डिंग के जरिए सपा ने दोतरफा रणनीति अपनाई है। पहला- पार्टी कार्यकर्ताओं में यह संदेश देना कि बागियों का हश्र बुरा होता है। दूसरा- 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अभी से मनोवैज्ञानिक बढ़त बनाना। सपा यह जताना चाहती है कि इन बागी विधायकों के पास अब न तो पुरानी पार्टी का साथ है और न ही नई जगह कोई ठोस उपलब्धि। फिलहाल, लखनऊ के राजनीतिक गलियारों में यह पोस्टर वार चर्चा का केंद्र बना हुआ है।

Also Read: पुलिस की पिस्टल छीनकर भाग रहा था पूर्व फौजी, जवाबी फायरिंग में साइको किलर ढेर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.