‘ट्रोल्स ने मुझे ही नहीं, मेरे परिवार…’, ‘घूसखोर पंडित’ विवाद पर मनोज बाजपेयी का छलका दर्द

Sandesh Wahak Digital Desk: एक्टर मनोज बाजपेयी इन दिनों अपनी आगामी फिल्म घूसखोर पंडित के टाइटल को लेकर सोशल मीडिया पर उठे विवाद के कारण सुर्खियों में हैं।

फिल्म के नाम पर शुरू हुए विरोध के बाद अभिनेता ने पहली बार खुलकर अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि इस विवाद की तीव्रता की किसी को उम्मीद नहीं थी और इसका असर न सिर्फ उन पर, बल्कि उनके परिवार पर भी पड़ा।

पीटीआई को दिए इंटरव्यू में मनोज बाजपेयी ने बताया कि विवाद सामने आने के बाद उन्हें और फिल्म की पूरी टीम को ट्रोलिंग, धमकियों और ऑनलाइन गालियों का सामना करना पड़ा।

उन्होंने कहा, “हमें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि फिल्म के टाइटल को लेकर इतना बड़ा विवाद खड़ा हो जाएगा। जब हमें लगा कि किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, तो हमने दो दिन के भीतर माफी जारी कर दी।”

Manoj Bajpayee

टाइटल बदलना कोई बड़ी बात नहीं: मनोज

मनोज बाजपेयी ने साफ कहा कि फिल्म का नाम बदलना उनके लिए कोई बड़ा मुद्दा नहीं था। उन्होंने कहा, “हम क्रिएटिव लोग हैं।

हम दस और टाइटल सोच सकते हैं और वे भी उतने ही दिलचस्प हो सकते हैं।” उन्होंने यह भी माना कि इस विवाद का असर कुछ समय के लिए टीम पर पड़ा, लेकिन आधिकारिक बयान जारी करने से पहले सभी ने हालात को समझने और संयम बनाए रखने की कोशिश की।

धमकियों और ट्रोलिंग पर क्या बोले एक्टर

अभिनेता ने बताया कि विवाद के दौरान उन्हें धमकियां भी मिलीं, लेकिन उन्होंने इससे डरकर अपनी दिनचर्या में कोई बदलाव नहीं किया।

मनोज ने कहा, “जब लोग आपको ट्रोल करते हैं, गालियां देते हैं और आपके परिवार को भी निशाना बनाते हैं, तो मुझे उनके लिए सहानुभूति महसूस होती है।” उन्होंने यह भी कहा कि कई लोगों ने फिल्म की कहानी जाने बिना ही केवल टाइटल के आधार पर प्रतिक्रिया दी।

ट्रोलिंग पर अपनी सोच साझा करते हुए मनोज बाजपेयी ने कहा, “मैं एक जिज्ञासु और शिक्षित व्यक्ति हूं। ऐसे लोगों से बहस करने की न तो मेरे पास एनर्जी है और न ही समय, जो बिना पूरी जानकारी के राय बना लेते हैं। कीचड़ में उतरकर लड़ने का कोई मतलब नहीं है।”

क्या है पूरा विवाद

गौरतलब है कि फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ के टाइटल को लेकर सोशल मीडिया पर एक जाति विशेष ने आपत्ति जताई थी। विरोध बढ़ने के बाद मामला कोर्ट तक पहुंच गया।

फिल्म के निर्माता नीरज पांडे ने पुष्टि की कि फिल्म का नाम बदला जाएगा, हालांकि नए टाइटल और रिलीज डेट को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

इस फिल्म में मनोज बाजपेयी के अलावा नुसरत भरूचा, साकिब सलीम, अक्षय ओबेरॉय और दिव्या दत्ता अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की कहानी नीरज पांडे और रितेश शाह ने लिखी है, जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी भी रितेश शाह ने संभाली है।

वर्क फ्रंट की बात करें तो मनोज बाजपेयी इन दिनों अपनी अगली फिल्म गवर्नर की रिलीज की तैयारी में जुटे हैं। यह फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

Also Read: Welcome To The Jungle: अक्षय कुमार को ‘वेलकम 3’ में मिला 33 सितारों का साथ

Get real time updates directly on you device, subscribe now.