योगी सरकार लागू करेगी VB-GRAMJI Yojna, 125 दिन काम और खाली समय में भी भत्ता!
VB-GRAMJI Yojna: उत्तर प्रदेश में ग्रामीण मजदूरों और बेरोजगारों के लिए बड़ी राहत की तैयारी है। योगी सरकार जल्द ही केंद्र की विकसित भारत-जी रामजी (VB-GRAMJI) योजना को प्रदेश में लागू करने जा रही है। इस नई व्यवस्था के तहत खेतों में बुवाई और कटाई के बीच खाली रहने वाले मजदूरों को बेरोजगारी भत्ता देने का प्रावधान किया गया है। ग्राम्य विकास विभाग ने इसका मसौदा तैयार कर लिया है और जल्द ही इसे मंजूरी के लिए योगी कैबिनेट के सामने पेश किया जाएगा।
VB-GRAMJI Yojna: अब 125 दिन रोजगार की गारंटी
नई योजना के तहत ग्रामीण परिवारों को मिलने वाली रोजगार गारंटी 100 दिन से बढ़ाकर 125 दिन की जाएगी। खेती के व्यस्त सीजन के अलावा खाली समय में भी मजदूरों को काम उपलब्ध कराने की व्यवस्था होगी। यदि काम उपलब्ध नहीं होता है तो निर्धारित नियमों के अनुसार आर्थिक सहायता देने का प्रावधान रहेगा। मजदूरी का भुगतान पूरी तरह डिजिटल माध्यम से किया जाएगा और 15 दिनों के भीतर खाते में राशि भेजी जाएगी।
योजना के तहत जल संरक्षण, भूजल स्तर सुधार, कृषि विकास, सड़क और ग्रामीण कनेक्टिविटी से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही गड़बड़ियों को रोकने के लिए सत्यापन और मजदूरों के फीडबैक की व्यवस्था भी की जाएगी।
प्रदेश में 2.43 करोड़ मजदूर पंजीकृत
वर्तमान में उत्तर प्रदेश में मनरेगा के तहत 2.43 करोड़ मजदूर पंजीकृत हैं। इनमें 1.82 करोड़ जॉब कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जबकि 1.21 करोड़ मजदूर सक्रिय श्रेणी में शामिल हैं। नई योजना (VB-GRAMJI Yojna) लागू होने के बाद इन्हें सीधे लाभ मिलने की संभावना है।
Also Read: UP के 20 लाख घरों तक पहुंचेगा हाईस्पीड इंटरनेट, योगी सरकार लॉन्च करेगी ‘Project Ganga’

