Lucknow में दो युवतियों से रेप की कोशिश, आरोपी ऑटो चालक पर चली पुलिस की गोली
Lucknow News: राजधानी लखनऊ में पुलिस भर्ती परीक्षा देने आई दो युवतियों से दुष्कर्म की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात को अंजाम देने वाला ऑटो चालक घटना के करीब 20 घंटे बाद पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक, दोनों युवतियां लखीमपुर खीरी के मैलानी क्षेत्र की रहने वाली हैं और पुलिस भर्ती परीक्षा देने के लिए लखनऊ आई थीं। वे विकासनगर स्थित रिश्तेदार के घर रुकी थीं और रविवार तड़के परीक्षा केंद्र जाने के लिए चारबाग पहुंचीं। वहां से आलमबाग जाने के लिए उन्होंने एक ऑटो किया।
आरोप है कि ऑटो चालक ने रास्ता खराब होने का बहाना बनाकर दोनों युवतियों को पारा थाना क्षेत्र के डॉक्टर खेड़ा इलाके में सुनसान जगह पर पहुंचा दिया और दुष्कर्म की कोशिश की। हालांकि, युवतियों ने साहस का परिचय देते हुए आरोपी का विरोध किया। इस दौरान एक युवती ने चालक की उंगली पर दांत से काट लिया और शोर मचा दिया। आवाज सुनकर एक राहगीर मौके पर पहुंचा, जिसके बाद आरोपी ऑटो छोड़कर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। पीड़िताओं की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया और उन्हें सुरक्षा के बीच परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया गया।
CCTV से हुई पहचान, मुठभेड़ में दबोचा गया आरोपी
आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई थीं। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ऑटो की पहचान की गई। सोमवार देर रात पारा क्षेत्र में संदिग्ध ऑटो दिखाई देने पर पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक भागने लगा।
पुलिस के अनुसार पीछा किए जाने पर आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरदोई जिले के कछौना थाना क्षेत्र के मिर्जानपुर निवासी हसीब के रूप में हुई है। उसके पास से एक तमंचा, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो बरामद किया गया है।
सुरक्षित सफर के लिए बढ़ाई जा रही निगरानी
संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) बबलू कुमार ने बताया कि शहर में चल रहे “प्रोजेक्ट सेफ राइड” के तहत ऑटो, ई-रिक्शा और टेंपो चालकों का सत्यापन अभियान तेज किया गया है। जिन चालकों का आपराधिक रिकॉर्ड है, उन्हें चिन्हित कर उनकी निगरानी की जा रही है ताकि महिलाओं और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
Also Read: Lucknow में लापता बेटियों पर हाईकोर्ट सख्त, DCP तलब, 15 बच्चियां अब भी गायब

