Jaunpur News: UP पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 में ठगी का बड़ा खुलासा, STF ने सरगना समेत दो को दबोचा
Sandesh Wahak Digital Desk: स्पेशल टास्क फोर्स, उत्तर प्रदेश (STF) ने उ0प्र0 पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा–2025 में अभ्यर्थियों को पास कराने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के मुख्य सरगना सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 10 जून 2026 को की गई।
STF के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों में राजू कुमार मांझी (निवासी सिवान, बिहार; वर्तमान पता प्रयागराज) और उसका सक्रिय सहयोगी छोटे लाल यादव (निवासी जौनपुर) शामिल हैं।
दोनों को थाना मुगरा बादशाहपुर, जनपद जौनपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
परीक्षा में नकल और साल्वर दिलाने का झांसा
जांच में सामने आया कि गिरोह अभ्यर्थियों को परीक्षा पास कराने, नकल कराने और साल्वर उपलब्ध कराने का प्रलोभन देकर मोटी रकम वसूलता था।
पूछताछ में सरगना राजू कुमार मांझी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर प्रवेश पत्रों के जरिए अभ्यर्थियों की पहचान करता और अवैध वसूली की रकम आपस में बांट लेता था।
राजू मांझी पूर्व में भी वर्ष 2022 में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी के मामले में जेल जा चुका है।
बरामद सामग्री
गिरफ्तारी के दौरान एसटीएफ ने आरोपियों के कब्जे से—
- 21 प्रवेश पत्रों की छायाप्रति
- 2 मोबाइल फोन
- 3 चेक की छायाप्रति
- 3 आधार कार्ड की छायाप्रति
- 4 अंकपत्रों की छायाप्रति
- 13 व्हाट्सएप चैट की प्रतियां
बरामद की हैं।
मामला दर्ज, आगे की कार्रवाई जारी
दोनों आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0–162/2026, धारा 318(4), भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत थाना मुगरा बादशाहपुर, जौनपुर में मामला दर्ज किया गया है।
आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।
एसटीएफ अधिकारियों ने बताया कि शासन व उच्चाधिकारियों के निर्देश पर भर्ती परीक्षाओं की शुचिता और पारदर्शिता भंग करने वाले गिरोहों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: Kanpur News: वेंटिलेशन से लेकर चेस्ट कंप्रेशन तक, चिकित्सकों को मिला व्यावहारिक प्रशिक्षण

