एग्जाम देने जा रहे छात्रों का फूटा गुस्सा, ट्रेन में तोड़फोड़-पथराव, पाटलिपुत्र स्टेशन पर अफरा-तफरी
Patna News: पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बिहार पुलिस मद्य निषेध विभाग की भर्ती परीक्षा देने जा रहे हजारों अभ्यर्थियों का गुस्सा फूट पड़ा। ट्रेनों की कमी और कई गाड़ियों के निर्धारित समय से देर से पहुंचने के कारण उम्मीदवारों में परीक्षा छूटने की चिंता बढ़ गई, जिसके बाद स्टेशन परिसर में भारी हंगामा शुरू हो गया।
जानकारी के अनुसार, परीक्षा दो पालियों में आयोजित होनी थी। इसी वजह से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी रात से ही स्टेशन पर जुट गए थे। लेकिन पर्याप्त ट्रेन व्यवस्था नहीं होने और ट्रेनों के लगातार लेट होने से माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति तब और बिगड़ गई जब पाटलिपुत्र से कटिहार जाने वाली एग्जाम स्पेशल ट्रेन स्टेशन पहुंची और उसमें चढ़ने को लेकर भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
ट्रैक जाम, ट्रेन में तोड़फोड़ और पथराव
नाराज अभ्यर्थियों ने रेलवे ट्रैक पर उतरकर ट्रेन रोक दी और रेल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया। कुछ लोगों ने एग्जाम स्पेशल ट्रेन में तोड़फोड़ की, जबकि कई जगहों पर पत्थरबाजी भी की गई।
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन भीड़ को नियंत्रित करना आसान नहीं था। हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस को स्थिति संभालने के लिए तीन राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी।
पथराव में IG समेत कई पुलिसकर्मी घायल
उपद्रव के दौरान हुई पत्थरबाजी में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। अधिकारियों के मुताबिक आईजी जितेंद्र राणा और रूपसपुर थाना प्रभारी को भी चोटें आई हैं। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया और पूरे स्टेशन क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।
फिलहाल आईजी जितेंद्र राणा, एसपी, दानापुर एसडीएम, एएसपी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं। प्रशासन लगातार अभ्यर्थियों को समझाने और स्थिति सामान्य करने की कोशिश कर रहा है।
घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने तत्काल अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला लिया, ताकि अभ्यर्थियों को समय पर उनके परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है और ट्रेनों का संचालन धीरे-धीरे सामान्य किया जा रहा है।
Also Read: लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ होंगे देश के नए सेना प्रमुख, 30 जून को संभालेंगे कमान

