Bareilly News: नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और शोषण करने का आरोपी शानू गिरफ्तार
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद की थाना कोतवाली पुलिस ने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने, बंधक बनाकर अवैध संबंध बनाने और मारपीट करने के मामले में वांछित चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान शानू (उम्र 19 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय लालता प्रसाद के रूप में हुई है, जो मूल रूप से रामपुर के थानागंज क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेशी के लिए भेज दिया है।
अज्ञात नंबर से आई कॉल ने खोला राज
मामले का खुलासा तब हुआ जब बीती 10 जून, 2026 को पीड़िता की मां के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन पर वादिनी की बात उसकी लापता बेटी से हुई। बेटी ने रोते हुए अपनी मां को बताया कि रामपुर का रहने वाला शानू उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया था। उसने आरोप लगाया कि शानू ने उसे अवैध रूप से बंधक बनाकर रखा और उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। विरोध करने पर आरोपी पीड़िता और उसकी मां के साथ मारपीट भी करता था। इस दर्दनाक आपबीती को सुनने के बाद मां ने तुरंत थाना कोतवाली में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई थी।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। बीती 13 जून, 2026 को मुखबिर की सूचना पर कोतवाली पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शानू को पुराना रोडवेज बस अड्डे के पास से उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वह कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी से बचने के लिए शहर से बाहर भागने की फिराक में था। पुलिस पूछताछ में आरोपी शानू ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि लड़की से जान-पहचान होने के बाद वह उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

