कैलिफोर्निया में बड़ा सैन्य हादसा: एडवर्ड्स एयर बेस से उड़ा B-52 बॉम्बर हुआ क्रैश, 8 की मौत

B-52 Bomber Crash: अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित एडवर्ड्स एयर फोर्स बेस पर सोमवार को बड़ा सैन्य विमान हादसा हो गया। अमेरिकी वायुसेना का B-52 Stratofortress Bomber नियमित परीक्षण मिशन के दौरान उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार सभी आठ लोगों की मौत हो गई।

एयरफोर्स बेस प्रशासन के मुताबिक, विमान सुबह करीब 11:20 बजे टेस्ट मिशन पर रवाना हुआ था, लेकिन टेकऑफ के तुरंत बाद वह नियंत्रण खो बैठा और क्रैश हो गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार हादसे में किसी के बचने की संभावना नहीं है।

हादसे के बाद दिखा भयावह मंजर

घटना के बाद सामने आए वीडियो और हवाई तस्वीरों में दुर्घटनास्थल पर बड़े पैमाने पर तबाही दिखाई दी। विमान का अधिकांश हिस्सा आग की चपेट में आकर नष्ट हो गया। हादसे के बाद काफी देर तक आसमान में काले धुएं का गुबार उठता रहा।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, मेडिकल और आपदा राहत टीमों को मौके पर भेजा गया। सुरक्षा कारणों से एडवर्ड्स एयर फोर्स बेस को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया और आने वाली उड़ानों को दूसरे एयरबेस की ओर डायवर्ट किया गया है।

अमेरिकी वायुसेना ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है।

क्या है B-52 Stratofortress Bomber?

B-52 स्ट्रैटोफोर्ट्रेस अमेरिकी वायुसेना के सबसे चर्चित और लंबे समय से सेवा दे रहे रणनीतिक बॉम्बर्स में शामिल है। इस विमान ने पहली बार 1954 में उड़ान भरी थी और तब से इसे लगातार आधुनिक तकनीकों से अपग्रेड किया जाता रहा है।

यह विमान:

  • परमाणु और पारंपरिक दोनों तरह के हथियार ले जाने में सक्षम है।
  • करीब 8,800 मील तक की दूरी तय कर सकता है।
  • बम और क्रूज मिसाइलों से लैस किया जा सकता है।
  • अमेरिकी सेना द्वारा वियतनाम, इराक, अफगानिस्तान और कई बड़े सैन्य अभियानों में इस्तेमाल किया जा चुका है।

हादसे के बाद अमेरिकी रक्षा प्रतिष्ठान में चिंता बढ़ गई है और जांच एजेंसियां तकनीकी कारणों से लेकर संभावित अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही हैं।

Alson Read: ट्रंप-ईरान डील पर इजरायल की आपत्ति, मिडिल-ईस्ट में फिर गहराया युद्ध का खतरा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.