अमेरिका की T20 लीग में हारिस रऊफ के साथ खेलेंगे अश्विन, इस टीम ने किया साइन
Ravichandran Ashwin: भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन अब अंतरराष्ट्रीय टी20 लीग मेजर लीग क्रिकेट (MLC) में खेलते नजर आएंगे। उन्होंने अमेरिका की टीम सैन फ्रैंसिस्को यूनिकॉर्न्स के साथ करार किया है। यह खबर क्रिकेट फैंस के लिए काफी बड़ी मानी जा रही है क्योंकि अब अश्विन अमेरिकी टी20 लीग में अपना जलवा दिखाएंगे। खास बात यह है कि इसी टीम से पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ पहले से जुड़े हुए हैं, जिससे दोनों खिलाड़ी एक ही टीम में साथ खेलते दिखाई देंगे।
एक ही टीम में खेलेंगे अश्विन और हारिस रऊफ
सैन फ्रैंसिस्को यूनिकॉर्न्स ने पहले से ही हारिस रऊफ को अपने स्क्वाड में शामिल किया हुआ है, जो 2023 से टीम का हिस्सा हैं। अब रविचंद्रन अश्विन के जुड़ने के बाद टीम की गेंदबाजी और भी मजबूत मानी जा रही है। यह देखना दिलचस्प होगा कि भारत और पाकिस्तान के ये दोनों खिलाड़ी एक साथ मिलकर टीम के लिए कैसा प्रदर्शन करते हैं।
मेजर लीग क्रिकेट का यह चौथा सीजन 19 जून से शुरू होने जा रहा है। सैन फ्रैंसिस्को यूनिकॉर्न्स अपना पहला मुकाबला 20 जून को लॉस एंजिलिस नाइट राइडर्स के खिलाफ खेलेगी। हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि रविचंद्रन अश्विन कब टीम से जुड़ेंगे और अपना डेब्यू करेंगे।

टीम का पूरा शेड्यूल
इस सीजन में MLC की 6 टीमें हिस्सा ले रही हैं। सैन फ्रैंसिस्को यूनिकॉर्न्स का शेड्यूल काफी व्यस्त रहने वाला है। टीम 21 और 25 जून को लगातार टेक्सास सुपर किंग्स के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद 27 जून को सिएटल ओरकास और 29 जून को वॉशिंगटन फ्रीडम से मुकाबला होगा।
जुलाई में भी टीम का सफर जारी रहेगा, जहां 5 और 6 जुलाई को वॉशिंगटन फ्रीडम और MI न्यूयॉर्क से मैच होंगे। 9 जुलाई को फिर MI न्यूयॉर्क से मुकाबला होगा। 11 जुलाई को लॉस एंजिलिस नाइट राइडर्स और 12 जुलाई को सिएटल ओरकास के खिलाफ लीग स्टेज का आखिरी मैच खेला जाएगा।
बड़ा आकर्षण बना अश्विन का MLC सफर
रविचंद्रन अश्विन का इस लीग में खेलना न केवल भारतीय फैंस के लिए खास है, बल्कि यह मेजर लीग क्रिकेट के लिए भी बड़ा आकर्षण माना जा रहा है। अब सभी की नजरें इस बात पर होंगी कि अश्विन और हारिस रऊफ की जोड़ी मैदान पर कैसा प्रदर्शन करती है।

