योगी सरकार का नया कदम, स्कूलों में चलेगा कैच-अप शिक्षण कार्यक्रम
Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। राज्य में अब उन बच्चों पर खास ध्यान दिया जाएगा जो किसी कारणवश पढ़ाई में पीछे रह गए हैं। इसके लिए सरकार प्रदेशव्यापी कैच-अप शिक्षण अभियान शुरू करने जा रही है। जुलाई 2026 में 15 दिन का विशेष पुनरावृत्ति कार्यक्रम चलेगा, जबकि अगस्त 2026 से जनवरी 2027 तक रोज 20 से 30 मिनट के विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। इस अभियान का उद्देश्य बच्चों के सीखने के अंतर को खत्म कर उन्हें उनकी कक्षा स्तर के अनुरूप तैयार करना है।
लर्निंग गैप खत्म करने की नई योजना
सरकार का यह अभियान निपुण भारत मिशन के बाद अगला बड़ा कदम माना जा रहा है। इसका लक्ष्य उन विद्यार्थियों तक पहुंचना है जो अपेक्षित शैक्षणिक स्तर से पीछे रह गए हैं। योगी सरकार का मानना है कि अगर समय पर सुधार नहीं किया गया तो बच्चों की आगे की पढ़ाई प्रभावित हो सकती है।
इस कार्यक्रम में पढ़ाई को केवल किताबों तक सीमित नहीं रखा जाएगा। बच्चों को गतिविधियों, खेल, कहानी, चित्र और समूह कार्य के जरिए पढ़ाया जाएगा। टीएलएम, गणित किट, पोस्टर और स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर सीखने को आसान और रोचक बनाया जाएगा।
शिक्षकों द्वारा बच्चों की कमजोरियों की होगी पहचान
शिक्षकों द्वारा बच्चों की कमजोरियों की पहचान कर उन्हें दूर किया जाएगा। पीयर लर्निंग और समूह गतिविधियों के जरिए बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाया जाएगा। “मैं करूं-हम करें-तुम करो” जैसी विधियों से सीखने की प्रक्रिया को मजबूत बनाया जाएगा।
निगरानी और अभिभावकों की भागीदारी
इस पूरे अभियान की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। बेसलाइन और एंडलाइन आकलन के जरिए बच्चों की प्रगति पर नजर रखी जाएगी। साथ ही अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन समितियों को भी जोड़ा जाएगा ताकि घर और स्कूल दोनों जगह बच्चों को बेहतर सीखने का माहौल मिल सके।
Also Read : माफिया पर बुलडोजर चलाना पसंदीदा विषय, सीएम योगी ने सुनाया किस्सा

