Lucknow: कल कई रास्ते रहेंगे बंद, Ekana में IND vs AFG मैच के चलते ट्रैफिक डायवर्जन लागू

Lucknow News: लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम (Ekana Stadium) में 17 जून को भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जाएगा। इस हाई-वोल्टेज मैच के लिए दोनों टीमें राजधानी पहुंच चुकी हैं। बड़ी संख्या में दर्शकों के स्टेडियम पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। शहर के कई प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन लागू रहेगा और भारी वाहनों की आवाजाही पर भी रोक लगाई जाएगी।

ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक डायवर्जन व्यवस्था सुबह 9 बजे से लागू हो जाएगी और मैच समाप्त होने के बाद यातायात सामान्य होने तक प्रभावी रहेगी। हालांकि एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, स्कूल वाहन और शव वाहन जैसी आवश्यक सेवाओं को प्रतिबंधित मार्गों पर भी अनुमति रहेगी।

इन रास्तों पर रहेगा डायवर्जन

  • कमता तिराहा और शहीद पथ से सुल्तानपुर, रायबरेली और कानपुर रोड की ओर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
  • शहीद पथ कानपुर रोड तिराहे से आगे जाने वाले वाहनों को बाराबिरवा, तेलीबाग, 1090 चौराहा और किसान पथ की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
  • गोसाईगंज तिराहा और अमूल डेयरी कटिंग से भारी और व्यावसायिक वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित रहेगी।
  • उतरेठिया अंडरपास से भी बड़े वाहनों को शहीद पथ पर चढ़ने की अनुमति नहीं होगी।
  • अहिमामऊ चौराहा मैच के दौरान सबसे संवेदनशील क्षेत्र रहेगा, जहां यातायात पर विशेष प्रतिबंध लागू रहेंगे।

अहिमामऊ और सुल्तानपुर रोड पर खास व्यवस्था

मैच के दौरान सुबह 11 बजे से लेकर मुकाबला समाप्त होने तक अहिमामऊ चौराहे पर यू-टर्न पूरी तरह बंद रहेगा। यहां से केवल बाईं ओर जाने की अनुमति होगी। वहीं कमता की ओर से आने वाले वाहन अहिमामऊ रैंप से नीचे नहीं उतर सकेंगे।

सुल्तानपुर रोड से आने वाले सामान्य वाहनों को भी अहिमामऊ की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी। ऐसे वाहनों को लूलू मॉल कटिंग से शहीद पथ पर डायवर्ट किया जाएगा। पुलिस मुख्यालय की ओर जाने वाले वाहन अहिमामऊ मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।

यातायात विभाग ने लोगों से अपील की है कि सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक शहीद पथ पर अत्यधिक दबाव रहने की संभावना है। ऐसे में कानपुर रोड, अमौसी, एक्सप्रेस-वे और बाराबिरवा की ओर जाने वाले वाहन चालक वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। इकाना स्टेडियम की पार्किंग में जाने वाले बड़े वाहनों को भी अहिमामऊ चौराहे के रास्ते भेजा जाएगा।

Ekana Stadium में मैच होने की वजह से क्रिकेट प्रेमियों से समय से पहले घर से निकलने और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

Also Read: लखनऊ के इन चौराहों की बदलेगी सूरत, ग्लोबल नगरोदय योजना के तहत होगा कायाकल्प

Get real time updates directly on you device, subscribe now.