कंगना रनौत पर टिप्पणी सपा विधायक को पड़ी भारी, वायरल वीडियो के बाद हुआ FIR
Kangana Ranaut News: भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करना समाजवादी पार्टी के विधायक डॉ. आरके वर्मा को भारी पड़ता दिख रहा है। रानीगंज से सपा विधायक के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें कंगना रनौत को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी।
भाजपा युवा मोर्चा की शिकायत पर दर्ज हुई FIR
साइबर थाना प्रभारी राजीव कुमार तिवारी के अनुसार, भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष अंशुमान सिंह ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि विधायक ने एक महिला सांसद के खिलाफ अनुचित टिप्पणी की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 352 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है।
फेसबुक पोस्ट भी बनी विवाद की वजह
विवाद की एक वजह विधायक की फेसबुक पोस्ट भी बताई जा रही है। पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कंगना रनौत और सायोनी घोष की तस्वीर साझा करते हुए टिप्पणी की गई थी, जिस पर कई लोगों ने आपत्ति जताई। शिकायत में कहा गया है कि यह पोस्ट महिला सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली, अशोभनीय और सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाली है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी तथ्यों को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस मामले के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है।

