फादर्स डे पर तेज प्रताप यादव ने लालू-राबड़ी के साथ काटा केक, सोशल मीडिया पर लिखा- पिता का साथ जीवन की सबसे बड़ी ताकत

Sandesh Wahak Digital Desk: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने ‘फादर्स डे’ के खास मौके पर एक बेहद भावुक सोशल मीडिया पोस्ट साझा किया है। परिवार और पार्टी से अलग होने के बाद जनशक्ति जनता दल के जरिए अपनी नई राजनीतिक जमीन तलाश रहे तेज प्रताप ने इस खास दिन पर अपने माता-पिता से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लालू यादव और राबड़ी देवी के साथ मिलकर केक काटा और इस पारिवारिक पल की तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए अपने पिता के लिए दिल (हार्ट) का इमोजी भी लगाया।

तेज प्रताप ने अपने फेसबुक पेज पर पिता के महत्व को रेखांकित करते हुए लिखा कि पिता एक ऐसी अनमोल छाया के समान हैं, जो अपनी संतानों की खुशियों की खातिर जीवन की हर मुश्किल को हंसते-हंसते झेल जाते हैं। वे खुद संघर्षों से जूझते हैं, लेकिन अपने परिवार को हमेशा सुरक्षित और खुशहाल रखने की कोशिश करते हैं। तेज प्रताप ने आगे लिखा कि पिता के दिए संस्कार, उनका स्नेह और आशीर्वाद ही उनकी जिंदगी की सबसे बड़ी थाती है। उन्होंने लालू यादव के बेहतर स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करते हुए उन्हें नमन किया।

पार्टी और परिवार से निष्कासित होने के बावजूद तेज प्रताप अक्सर अपने माता-पिता से मिलने पहुंचते रहते हैं। चाहे जन्मदिन का अवसर हो या कोई त्योहार, वे अपनी उपस्थिति दर्ज कराना नहीं भूलते। इससे पहले जनवरी में मकर संक्रांति के मौके पर जब तेज प्रताप ने ‘चूड़ा-दही भोज’ का आयोजन किया था, तब वे खुद पूरे परिवार को आमंत्रित करने गए थे। उस वक्त लालू यादव उनके आवास पर पहुंचे थे और उन्हें अपना आशीर्वाद दिया था। इसके अलावा, वे भाई तेजस्वी यादव के बच्चों के जन्मदिन पर भी शामिल होने पहुंचे थे।

गौरतलब है कि तेज प्रताप यादव और अनुष्का यादव की एक तस्वीर वायरल होने के बाद लालू प्रसाद यादव ने उन्हें परिवार और राजद से बाहर कर दिया था। ऐश्वर्या राय से पहले ही विवाह कर चुके तेज प्रताप के अनुष्का के साथ इस रिश्ते को उनके परिवार ने कतई स्वीकार नहीं किया। इसी विवाद के चलते उन्हें राष्ट्रीय जनता दल से भी निष्कासित कर दिया गया था, जिसके बाद उन्होंने अपनी अलग पार्टी बना ली थी।

Also Read: NEET परीक्षा के चलते 45 मिनट एयरपोर्ट पर रुके PM मोदी, जानें वजह

Get real time updates directly on you device, subscribe now.