NEET परीक्षा के चलते 45 मिनट एयरपोर्ट पर रुके PM मोदी, जानें वजह
PM Narendra Modi Delhi Airport: देशभर में आज लाखों छात्र-छात्राएं NEET-UG 2026 री-एग्जाम में शामिल हो रहे हैं। यह परीक्षा दोपहर 2 बजे से शांतिपूर्ण तरीके से शुरू हुई और शाम 5:15 बजे तक चलेगी। इस बार छात्रों को 15 मिनट अतिरिक्त समय दिया गया है, जिससे परीक्षा की कुल अवधि 3 घंटे 15 मिनट हो गई है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने इस बार परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता को सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।
ट्रैफिक से बचाने के लिए एयरपोर्ट पर रुके PM मोदी
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक संवेदनशील कदम चर्चा में है। बंगाल दौरे से लौटने के बाद वह दोपहर करीब 1:15 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे। उनका कार्यक्रम आवास जाने का था, लेकिन NEET परीक्षार्थियों की आवाजाही और संभावित ट्रैफिक जाम को देखते हुए उन्होंने एयरपोर्ट पर ही रुकने का फैसला किया। पीएम मोदी ने दोपहर 2 बजे परीक्षा शुरू होने के बाद ही अपने आवास के लिए प्रस्थान किया, ताकि छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
NTA के अनुसार इस परीक्षा को भारत के 551 शहरों में 5,440 परीक्षा केंद्रों पर और विदेशों के 14 केंद्रों पर आयोजित किया जा रहा है। कुल 95,000 से अधिक परीक्षा कक्षों में CCTV निगरानी की व्यवस्था की गई है। पूरे देश में 1,38,560 कैमरों से लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है, जिसे वर्चुअल कंट्रोल रूम से राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर देखा जा रहा है। इसके अलावा 51,311 जैमर लगाए गए हैं ताकि किसी भी तरह की इलेक्ट्रॉनिक धोखाधड़ी रोकी जा सके।
पेपर लीक विवाद के बाद हुई री-एग्जाम
NEET-UG 2026 की मूल परीक्षा 3 मई 2026 को हुई थी, लेकिन पेपर लीक की शिकायतों और जांच के बाद 12 मई को इसे रद्द कर दिया गया। इसके बाद देशभर में विरोध और असंतोष देखने को मिला। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने 15 मई को घोषणा की कि री-एग्जाम 21 जून 2026 को होगा। अब लगभग 23 लाख छात्र इस परीक्षा में शामिल होकर MBBS, BDS और आयुष कोर्सेस में दाखिले के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं।
Also Read : NEET को लेकर सरकार सख्त, Exam के वक्त सभी MBBS छात्र कैंपस में होंगे नजरबंद, छुट्टी भी रद्द

