BJP विधायक के काफिले की एस्कॉर्ट गाड़ी को ट्रक ने मारी टक्कर, मौके पर दरोगा की मौत
UP News: ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे पर स्थित जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मांट विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजेश चौधरी के काफिले को एस्कॉर्ट कर रही पुलिस की गाड़ी को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। ट्रक गलत दिशा से आ रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सब इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।
गलत दिशा से आए ट्रक ने मचाया कहर
जानकारी के मुताबिक काफिला जेवर एयरपोर्ट की ओर जा रहा था, तभी एयरपोर्ट इंटरचेंज पर सामने से गलत दिशा में आ रहा तेज रफ्तार ट्रक सीधे एस्कॉर्ट पुलिस वाहन से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिसकर्मी घायल हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। सब इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह यादव को गंभीर हालत में जेवर के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अन्य पुलिसकर्मियों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस हिरासत में चालक
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी जेवर ने बताया कि हादसा कैसे हुआ और ट्रक गलत दिशा में कैसे आया, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है और वाहन को जब्त कर लिया गया है। हादसे के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।

