लखनऊ के 3 मंजिला बिल्डिंग में लगी भीषण आग, 15 की मौत, कई लोग झुलसे
Lucknow Coaching Center Fire: लखनऊ के अलीगंज इलाके में पुरनिया चौराहे के पास लोक सेवा आयोग के पीछे स्थित एक कोचिंग सेंटर में रविवार को लगी भीषण आग ने दर्दनाक रूप ले लिया। इस हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। आग लगते ही कुछ ही मिनटों में पूरे भवन में धुआं फैल गया और आग ने विकराल रूप ले लिया।
उस समय कोचिंग सेंटर में बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे। आग की लपटें और धुआं देखकर छात्रों में भगदड़ मच गई। कई छात्रों ने जान बचाने के लिए तीन मंजिला इमारत से कूदकर खुद को बचाया जबकी कई लोग बुरी तरह झुलस गए। वहीं घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रशासन के अनुसार, आग की इस घटना में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है। राहत और बचाव अभियान के दौरान घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारियों ने मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। आग लगने की वजह का पता लगाने के लिए विशेषज्ञ टीम भी जांच में जुटी हुई है।
फायर ब्रिगेड की 14 गाड़ियां मौके पर
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 14 गाड़ियां, जिसमें हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म भी शामिल है, मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मी लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं। राहत और बचाव कार्य तेजी से चल रहा है। घटनास्थल पर एसीपी अलीगंज शशि प्रकाश मिश्र, एडीएम सिटी और अलीगंज व मड़ियांव थाने की पुलिस टीम मौजूद है। एडीसीपी उत्तरी ट्विंकल जैन, डीएम विशाख और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

मुख्यमंत्री ने राहत कार्य तेज करने के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। घायलों को तुरंत इलाज उपलब्ध कराने और स्थिति पर लगातार निगरानी रखने के आदेश दिए गए हैं।

