शिंदे ने 6 गद्दार सांसदों को दिया जन्म, संजय राउत का विवादीत बयान

Maharashtra Politics: महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। शिवसेना (यूबीटी) के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि शिंदे “प्रेग्नेंट” हैं और उन्होंने छह “गद्दार” सांसदों को जन्म दिया है। यह बयान ऐसे समय आया है जब उद्धव ठाकरे गुट के छह बागी सांसदों ने एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल होने का फैसला किया है। इस घटनाक्रम से उद्धव गुट के नेताओं में नाराजगी देखी जा रही है।

ओमराजे निंबालकर पर साधा निशाना

शिवसेना (यूबीटी) विधायकों की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में संजय राउत ने कहा कि इन हालात को संभालने के लिए आगे “सिजेरियन सर्जरी” करनी होगी। उन्होंने धाराशिव से सांसद ओमराजे निंबालकर को कुख्यात गद्दार बताते हुए आरोप लगाया कि उन्हें कथित तौर पर 15 करोड़ रुपये दिए गए थे। राउत ने कहा कि उद्धव ठाकरे जानते हैं कि यह रकम किसने दी थी। उन्होंने कहा कि गद्दारों की कोई विचारधारा नहीं होती और शिवसेना को तोड़ना महाराष्ट्र को तोड़ने जैसा है।

राम मंदिर ट्रस्ट पर राउत के गंभीर आरोप

राउत ने बागी सांसदों के विकास संबंधी दावों को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि धाराशिव में दिखाई देने वाला विकास पिछली सरकारों की देन है और केवल चीनी मिलें लगाना विकास नहीं कहलाता। उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई सांसद 100 करोड़ रुपये जेब में डालने को विकास समझता है तो यह गलत सोच है।

इसके साथ ही संजय राउत ने राम मंदिर ट्रस्ट और भाजपा पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि मंदिर से जुड़े चढ़ावे, चांदी और गहनों में करीब 500 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है। राउत ने कहा कि दानपात्र तक गायब हो गया है। उन्होंने जांच की मांग करते हुए आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत से भी इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.