मोहन यादव के बचाव में उतरे अखिलेश, ओवैसी ने पूछा- पार्टी देखी या सिर्फ यादव

Asaduddin Owaisi On Akhilesh Yadav: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से जुड़े जमीन विवाद को लेकर शुरू हुआ राजनीतिक विवाद अब नया मोड़ ले चुका है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने इस मामले में मोहन यादव का बचाव किया। भाजपा के मुख्यमंत्री के समर्थन में अखिलेश यादव के आने से राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई। इस घटनाक्रम ने विपक्षी दलों को भी चौंका दिया। अब एआईएमआईएम प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने भी इस मुद्दे पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।

यादव होने की वजह से किया बचाव

पत्रकारों से बातचीत के दौरान असदुद्दीन ओवैसी ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ने मोहन यादव का समर्थन इसलिए किया क्योंकि दोनों यादव समुदाय से आते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर यादव होने के कारण एक नेता दूसरे का बचाव कर सकता है, तो जब वह खुद अल्पसंख्यकों के अधिकारों और संविधान के अनुच्छेद 37 का हवाला देकर उनकी बात करते हैं, तब उस पर सवाल क्यों उठाए जाते हैं। ओवैसी ने इसे राजनीतिक दोहरा मापदंड बताया और कहा कि जब वह गरीब और अल्पसंख्यक समाज की बात करते हैं, तब उनकी आलोचना की जाती है।

विपक्षी दलों की टूट पर भी बोले ओवैसी

ओवैसी ने विपक्षी दलों में लगातार हो रही टूट पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उन पर अक्सर आरोप लगाया जाता है कि उनके चुनाव लड़ने से भाजपा को फायदा होता है, लेकिन अब कई नेता खुद अपनी पार्टियां छोड़कर भाजपा में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग पहले उन्हें लगातार निशाना बनाते थे, वही अब भाजपा में जा रहे हैं। ओवैसी ने तंज कसते हुए कहा कि अब ऐसा लगता है जैसे सभी यह साबित करने की होड़ में हैं कि भाजपा की “बी टीम” कौन है। उनके इन बयानों के बाद इस पूरे मामले पर राजनीतिक बहस और तेज हो गई है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.