ऑपरेशन सिंदूर के शहीदों के नाम पहली बार हुए सार्वजनिक, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक की वेबसाइट पर दर्ज हुए 6 जांबाज

Sandesh Wahak Digital Desk: देश की संप्रभुता की रक्षा के लिए पाकिस्तान के खिलाफ चलाए गए गुप्त सैन्य अभियान ऑपरेशन सिंदूर में अपने प्राणों की आहुति देने वाले भारत के 6 वीर सपूतों के नाम पहली बार आधिकारिक तौर पर सार्वजनिक किए गए हैं। इन अमर शहीदों के नामों को डिजिटल तौर पर राष्ट्रीय युद्ध स्मारक (नेशनल वॉर मेमोरियल) की आधिकारिक वेबसाइट पर दर्ज किया गया है।

यह वेबसाइट देश के उन सभी पराक्रमी सैनिकों का लेखा-जोखा रखती है, जिन्होंने विभिन्न युद्धों और ऑपरेशनों में सर्वोच्च बलिदान दिया है। दुश्मन देश की धरती पर आतंक के आकाओं से लोहा लेते हुए वीरगति पाने वाले इन जांबाजों में सूबेदार मेजर पवन कुमार, हवलदार सुनील कुमार सिंह, लांसनायक दिनेश कुमार, रायफलमैन सुनील कुमार, एवी मूद मुरलीनायक और सैनिक सुरेंद्र कुमार के नाम शामिल हैं।

नेशनल वॉर मेमोरियल के रोल ऑफ ऑनर में मिली जगह

इन सभी पराक्रमी योद्धाओं के नाम वॉर मेमोरियल की वेबसाइट के रोल ऑफ ऑनर सेक्शन में जोड़ दिए गए हैं। इस प्रतिष्ठित सूची में अब तक कुल 26,626 अमर शहीदों के नाम दर्ज हैं, जिसमें साल 1947-48 के पहले भारत-पाक युद्ध से लेकर हालिया सैन्य अभियानों के वीरों का स्मरण किया गया है।

गौरतलब है कि मई 2025 में हुए इस ऑपरेशन सिंदूर को लेकर लंबे समय से भारतीय सैनिकों के हताहत होने की अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन सुरक्षा कारणों से सरकार या सेना की तरफ से कोई भी आधिकारिक सूची जारी नहीं की गई थी। नेशनल वॉर मेमोरियल द्वारा इन नामों का प्रकाशन असल में उन सशस्त्र बलों की शहादत की पहली पुख्ता और आधिकारिक पुष्टि है।

Also Read: एटा में मोहर्रम जुलूस के दौरान बड़ा हादसा, हाईटेंशन लाइन से टकराया ताजिया, युवक की मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.