Kaushambi: डिवाइडर से टकराया LPG टैंकर, धमाके की आग में जिंदा जला ड्राइवर, 5 झुलसे

Kaushambi News: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। कोखराज टोल प्लाजा के पास LPG से भरा एक गैस टैंकर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते टैंकर आग के गोले में बदल गया। हादसे में टैंकर के केबिन में मौजूद एक व्यक्ति की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिनमें टोल प्लाजा के कर्मचारी भी शामिल हैं।

जानकारी के मुताबिक हादसा (Kaushambi LPG Tanker Accident) शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे हुआ। डिवाइडर से टकराने के बाद टैंकर में जोरदार धमाका हुआ और आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें कई फीट ऊंचाई तक उठती रहीं और दूर-दूर तक काला धुआं फैल गया। आग इतनी विकराल थी कि फायर ब्रिगेड और पुलिस को उस पर काबू पाने में करीब चार घंटे लग गए।

आग बुझने के बाद मिला चालक का कंकाल

आग पर काबू पाने के बाद जब राहत और बचाव दल ने टैंकर की तलाशी ली तो केबिन के अंदर से एक व्यक्ति का जला हुआ कंकाल बरामद हुआ। माना जा रहा है कि वह टैंकर चालक था, जो बाहर निकलने का मौका नहीं पा सका। वहीं केबिन में मौजूद दूसरा व्यक्ति किसी तरह कूदकर बाहर निकल आया, लेकिन वह भी गंभीर रूप से झुलस गया।

टोल प्लाजा कर्मचारी भी चपेट में आए

हादसे की चपेट में टोल प्लाजा पर मौजूद कर्मचारी भी आ गए। गंभीर रूप से झुलसे सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गईं। एसपी सत्य नारायण प्रजापत ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें LPG टैंकर आग के विशाल गोले में तब्दील दिखाई दे रहा है। आसमान में उठता काला धुआं और तेज लपटें देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए इलाके में आवाजाही भी प्रभावित रही।

Also Read: इलाहाबाद हाई कोर्ट ने ग्राम प्रधानों को प्रशासक नियुक्त करने पर जताई नाराजगी, यूपी सरकार से मांगा जवाब

Get real time updates directly on you device, subscribe now.