Kasganj: ट्रेनिंग के दौरान क्रैश हुआ ट्रेनी एयरक्राफ्ट, महिला पायलट गंभीर रूप से घायल
Kasganj News: उत्तर प्रदेश के कासगंज में सोमवार को एक ट्रेनी एयरक्राफ्ट (Trainee aircraft) दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा पुलिस लाइन के पीछे सिक्स लेन हाईवे के पास हुआ, जहां प्रशिक्षण उड़ान के दौरान विमान अचानक क्रैश हो गया। विमान उड़ा रही महिला ट्रेनी पायलट घायल हो गईं। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचा तथा घायल पायलट को अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद महिला पायलट को बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर किया गया। पुलिस के मुताबिक उनकी हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विमान कुछ देर तक आसमान में मंडराता रहा, लेकिन अचानक असंतुलित हो गया। इसके बाद वह बिजली के तारों में उलझकर Kasganj के बरेली-मथुरा हाईवे किनारे गिर गया। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जिन्हें पुलिस ने सुरक्षित दूरी पर हटाया।

पुलिस ने बताया कि सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी। एयरक्राफ्ट की इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान यह दुर्घटना हुई। फिलहाल मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई के साथ तकनीकी जांच भी जारी है।
जानकारी के मुताबिक दुर्घटनाग्रस्त विमान चेतक एविएशन का था, जो डीजीसीए से मान्यता प्राप्त फ्लाइंग ट्रेनिंग अकादमी संचालित करती है। विमान ने अलीगढ़ से उड़ान भरी थी और महिला ट्रेनी पायलट कायनात सोलो ट्रेनिंग फ्लाइट पर थीं। शुरुआती जानकारी में तकनीकी खराबी या विमान के असंतुलित होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि हादसे की असली वजह जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी।
Also Read: लखनऊ एयरपोर्ट ने रचा इतिहास, देश का पहला ‘ईट राइट कैंपस’ बनने का मिला सम्मान

