Kasganj News: फेसबुक लाइव पर पत्नी से बात करने के बाद युवक ने लगाई फांसी
Kasganj News: उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ढोलना थाना क्षेत्र के घिनौना गांव में एक 30 वर्षीय युवक ने फेसबुक पर लाइव आकर और अपनी पत्नी से अंतिम बार बात करने के बाद फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुँचकर साक्ष्य जुटाए हैं।
मृतक की पहचान घिनौना निवासी रामबाबू (30 वर्ष), पुत्र चंद्रपाल के रूप में हुई है। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के बाहर खेत की मेड़ पर एक सूखे बेलपत्र के पेड़ से युवक का शव लटका देखा।
आत्महत्या से पहले रामबाबू ने अपनी फेसबुक आईडी पर एक वीडियो अपलोड किया था, जिसमें उसने आत्मघाती कदम उठाने के कारणों और अपने इरादे के बारे में जानकारी दी थी। बताया जा रहा है कि फांसी लगाने से ठीक पहले उसने अपनी पत्नी से भी फोन पर बात की थी।
मौके से मिलीं संदिग्ध वस्तुएं
सूचना मिलने पर ढोलना इंस्पेक्टर जगदीशचंद्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव के पास से पुलिस को मृतक का मोबाइल फोन, देशी शराब की बोतल और नमकीन का पाउच बरामद हुआ है।
फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से डिजिटल और भौतिक साक्ष्य संकलित किए हैं। पुलिस इस मामले में पारिवारिक विवाद और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि फेसबुक लाइव वीडियो और मोबाइल कॉल डिटेल्स की गहनता से पड़ताल की जा रही है ताकि आत्महत्या के पीछे के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
Also Read: Hamirpur News: स्मार्ट मीटर के विरोध में सड़क पर उतरे उपभोक्ता, तहसील में जमकर हंगामा

