कासगंज: कोर्ट के आदेश पर BJP सांसद मुकेश राजपूत पर FIR, लूट और हमले के गंभीर आरोप

Kasganj News: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद से भारतीय जनता पार्टी (BJP) सांसद मुकेश राजपूत (Mukesh Rajput) कानूनी विवाद में घिर गए हैं। एमपी-एमएलए कोर्ट के आदेश पर कासगंज जिले के सहावर थाने में उनके, उनकी पत्नी, बहन, बेटों, सुरक्षा गार्डों समेत 38 नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है। आरोपियों पर बलवा, घर में घुसकर हमला, लूटपाट और जान से मारने की कोशिश जैसे आरोप लगाए गए हैं।

यह मामला गांव लक्ष्मीपुर निवासी सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य लक्ष्मण सिंह की शिकायत पर दर्ज किया गया है। पुलिस ने कोर्ट के निर्देश के बाद मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

लक्ष्मण सिंह का आरोप है कि उनके बेटे रवींद्र कुमार की शादी सांसद मुकेश राजपूत की बहन रीना राजपूत से हुई थी। शादी के बाद से पारिवारिक विवाद बढ़ता गया और रीना राजपूत कथित तौर पर सांसद के प्रभाव का हवाला देकर परिवार पर दबाव बनाती रहीं।

शिकायत में कहा गया है कि करीब एक वर्ष पहले उनके मकान की दुकान पर जबरन कब्जा कर लिया गया और उनके बेटे के साथ मारपीट कर उसे वहां से निकाल दिया गया।

घर में घुसकर हमला और लूटपाट का आरोप

FIR के अनुसार, 7 सितंबर 2025 को विवाद के बाद रीना राजपूत ने अपने मायके फोन किया, जिसके बाद उसी रात बड़ी संख्या में लोग कथित तौर पर हथियारों के साथ शिकायतकर्ता के घर पहुंच गए। आरोप है कि हमलावरों ने कटर से दरवाजे और ताले काटे, घर में घुसकर तोड़फोड़ की और परिवार पर हमला किया।

शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि अगले दिन उनकी पत्नी और कैंसर पीड़ित बेटी के साथ भी मारपीट की गई। आरोपियों पर घर से करीब 50 लाख रुपये नकद, आभूषण, मकान के दस्तावेज, मुकदमों की फाइलें, बैंक पासबुक, चेकबुक और शैक्षणिक प्रमाणपत्र ले जाने का आरोप लगाया गया है। साथ ही सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर भी तोड़कर ले जाने की बात कही गई है।

कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुई FIR

शिकायतकर्ता का दावा है कि स्थानीय पुलिस ने पहले उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं की। इसके बाद उन्होंने अदालत का रुख किया। एमपी-एमएलए कोर्ट ने मामले की सुनवाई के बाद थाना सहावर पुलिस को एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच करने का आदेश दिया।

कोर्ट के निर्देश के बाद सांसद मुकेश राजपूत, उनकी पत्नी सौभाग्यवती, बहन रीना राजपूत, बेटों अर्पित और अंकित, दो सुरक्षा गार्डों सहित कुल 38 नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और आरोपों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे बनाने वाली कंपनी का BJP कनेक्शन, खामियों के बाद भी इसलिए मिल रहे नए ठेके!

Get real time updates directly on you device, subscribe now.