राहुल गांधी का दावा, ‘मुझे घसीट रहे पुलिसवालों ने कहा- इस सरकार को हटाइए, हम मजबूर हैं’
Congress Delhi Protest: जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध और तेज कर दिया है। प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना देने के बाद हिरासत में लिए गए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने अब पुलिस कार्रवाई को लेकर बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि जब पुलिसकर्मी उन्हें घसीटकर बस तक ले जा रहे थे, तब कुछ जवानों ने उनके कान में कहा कि “इस सरकार को हटाइए।”
राहुल गांधी ने यह दावा राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किया। उन्होंने कहा कि विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उन्हें बलपूर्वक हटाया, लेकिन कई पुलिसकर्मी निजी तौर पर सरकार की कार्यशैली से असहमत नजर आए।
‘राजस्थान-हरियाणा के पुलिसकर्मी भी यही कह रहे थे’
राहुल गांधी ने कहा, “यह सही है कि पुलिस मुझे घसीटकर ले गई, लेकिन वही पुलिसकर्मी कान में कह रहे थे कि इस सरकार को हटाइए। मैं राजस्थान और हरियाणा का हूं, इन्हें हटाइए। हम सिर्फ वर्दी पहने हैं, आदेश मानना हमारी मजबूरी है।”
उन्होंने दावा किया कि पुलिसकर्मी भी छात्रों के साथ हो रही घटनाओं से खुश नहीं हैं और उन्हें भी लगता है कि युवाओं के साथ अन्याय हो रहा है। राहुल के मुताबिक, पुलिसकर्मी अपने बच्चों का भविष्य भी इन घटनाओं में देखते हैं।
PM आवास के बाहर हुआ था जोरदार विरोध
मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, Rahul Gandhi, प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और कई विपक्षी नेताओं ने छात्रों के मुद्दे पर प्रधानमंत्री आवास के निकट विरोध प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस्तीफे और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाने की मांग की।
बाद में दिल्ली पुलिस ने Rahul Gandhi, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव समेत कई नेताओं को हिरासत में ले लिया। इस दौरान नेताओं को बस में बैठाकर अलग-अलग स्थानों पर ले जाया गया। प्रियंका गांधी ने हिरासत के दौरान पुलिस कार्रवाई का विरोध भी किया।
कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल लगातार छात्रों के आंदोलन का समर्थन कर रहे हैं। विपक्ष का आरोप है कि सरकार शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर जवाब देने से बच रही है, जबकि सरकार का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उसकी प्राथमिक जिम्मेदारी है।
Also Read: PM मोदी छात्रों से मांगें माफी, राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में रखीं तीन मांगें

