संभल हिंसा केस में कसता जा रहा शिकंजा, तीसरे गुर्गे मोहम्मद वारिस पर NSA की कार्रवाई

Sambhal Violence: संभल की जामा मस्जिद सर्वे के दौरान भड़की हिंसा के मामले में उत्तर प्रदेश सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। विधानसभा के मानसून सत्र से पहले सरकार ने हिंसा के मुख्य आरोपियों में शामिल मोहम्मद वारिस पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक, वारिस पर हिंसा के दौरान हथियार उपलब्ध कराने और गोलीबारी में दो लोगों की हत्या में शामिल होने के आरोप हैं।

24 नवंबर 2024 को हुई इस हिंसा में चार लोगों की मौत हुई थी, जबकि 30 से अधिक पुलिसकर्मी और प्रशासनिक अधिकारी घायल हुए थे। मामले में 37 नामजद आरोपियों समेत करीब 3,750 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए थे।

पहले दो गुर्गों पर भी लग चुका है NSA

पुलिस के अनुसार, मोहम्मद वारिस कुख्यात अपराधी शारिक साठा का करीबी सहयोगी है। इससे पहले उसके दो अन्य सहयोगियों मुल्ला अफरोज और मोहम्मद गुलाम पर भी एनएसए लगाया जा चुका है। तीनों फिलहाल जेल में बंद हैं।

जांच एजेंसियों का दावा है कि इन्हीं तीनों ने शारिक साठा के निर्देश पर हिंसा की साजिश रची थी। पुलिस पूछताछ के दौरान मुल्ला अफरोज और गुलाम ने कथित तौर पर इस साजिश में अपनी भूमिका स्वीकार की थी।

सूत्रों के मुताबिक, संभल हिंसा पर तैयार एसआईटी रिपोर्ट विधानसभा के मानसून सत्र में पेश की जानी है। उससे पहले लखनऊ स्थित एडवाइजरी बोर्ड के समक्ष जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की रिपोर्ट के आधार पर मोहम्मद वारिस पर एनएसए लगाने का फैसला लिया गया।

पूछताछ में सामने आए थे चौंकाने वाले दावे

पुलिस के अनुसार, 19 जनवरी 2025 को मुल्ला अफरोज समेत 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद 25 जनवरी को मोहम्मद वारिस और 20 फरवरी को मोहम्मद गुलाम को गिरफ्तार किया गया।

जांच में सामने आया कि अफरोज कथित तौर पर शारिक साठा के लिए काम करता था और दिल्ली-एनसीआर से लग्जरी वाहनों की चोरी कर उन्हें बंगाल, असम और नेपाल तक पहुंचाने वाले नेटवर्क से भी जुड़ा था। पूछताछ में उसने दावा किया था कि दुबई में छिपा शारिक साठा ही हिंसा की पूरी साजिश का मास्टरमाइंड था और उसने अपने गुर्गों को हथियार उपलब्ध कराकर हिंसा भड़काने की योजना बनाई थी।

Also Read: राम मंदिर चढ़ावा चोरी: ट्रस्ट ने बैंक पर ही फोड़ दिया पूरा ठीकरा, अपने जिम्मेदारों पर चुप्पी क्यों?

Get real time updates directly on you device, subscribe now.