देश में सिर्फ E20 Petrol ही मिलेगा, सरकार ने किया स्पष्ट- E0 और E10 की नहीं होगी वापसी

Ethanol Blended Petrol E20 Petrol: देश में पेट्रोल में इथेनॉल (Ethanol) मिलाने को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच सरकार ने बड़ा स्पष्टीकरण दिया है। सरकार ने साफ कहा है कि प्रीमियम पेट्रोल में पहले की तरह आगे भी इथेनॉल नहीं मिलाया जाएगा। इसके अलावा, पेट्रोल में 20% (E20) से ज्यादा इथेनॉल मिलाने का फिलहाल कोई फैसला नहीं लिया गया है।

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि बिना इथेनॉल वाला E0 पेट्रोल और 10% इथेनॉल वाला E10 पेट्रोल दोबारा शुरू करने की कोई योजना नहीं है। सरकार का कहना है कि अब देश स्वच्छ और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित ईंधन (Fuel) की ओर बढ़ रहा है।

 

किन पेट्रोल में नहीं मिलेगा इथेनॉल?

लोकसभा में पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने बताया कि इंडियन ऑयल का XP100, हिंदुस्तान पेट्रोलियम का poWer100 और भारत पेट्रोलियम का Speed100 जैसे प्रीमियम पेट्रोल में इथेनॉल नहीं मिलाया जाता।

सरकार के मुताबिक, ये हाई-परफॉर्मेंस (बेहतर प्रदर्शन) वाले पेट्रोल हैं, जिनमें इंजन की क्षमता बढ़ाने के लिए खास एडिटिव्स (विशेष रसायन) मिलाए जाते हैं। इसलिए इनमें इथेनॉल नहीं डाला जाता।

हालांकि, इनकी हिस्सेदारी देश में बिकने वाले कुल पेट्रोल का सिर्फ करीब 0.5% है। इनकी कीमत लगभग 160 रुपये प्रति लीटर है, जबकि सामान्य E20 पेट्रोल की कीमत करीब 102.12 रुपये प्रति लीटर है।

सरकार ने कहा कि फिलहाल E20 से अधिक इथेनॉल मिश्रण बढ़ाने का कोई फैसला नहीं हुआ है। अगर भविष्य में ऐसा कोई प्रस्ताव आता है, तो उससे पहले वैज्ञानिक अध्ययन किए जाएंगे और वाहन निर्माता कंपनियों, तेल कंपनियों तथा विशेषज्ञ संस्थानों से राय ली जाएगी।

E20 Petrol को लेकर सरकार का दावा

सरकार ने कहा कि अब तक E20 पेट्रोल को लेकर कोई बड़ी या प्रमाणित शिकायत सामने नहीं आई है।

सरकार के मुताबिक:

  • वाहन निर्माता कंपनियों और उपभोक्ता संगठनों ने कोई बड़ी आपत्ति नहीं जताई।
  • लैब टेस्ट (प्रयोगशाला जांच) में इंजन पर कोई बड़ा नकारात्मक असर नहीं मिला।
  • फील्ड ट्रायल (वास्तविक इस्तेमाल) में भी वाहन की परफॉर्मेंस या उम्र पर कोई बड़ा नुकसान नहीं दिखा।
  • देश में 20 करोड़ से ज्यादा दोपहिया वाहन और 3 करोड़ से अधिक पेट्रोल कारें E20 ईंधन का इस्तेमाल कर रही हैं।
  • अब तक ऐसा कोई पुख्ता वैज्ञानिक प्रमाण नहीं मिला है कि E20 की वजह से बड़े पैमाने पर इंजन खराब हो रहे हैं।

E0 और E10 Petrol की वापसी क्यों नहीं होगी?

सरकार ने साफ किया कि E0 (बिना इथेनॉल) और E10 (10% इथेनॉल) पेट्रोल दोबारा शुरू करने का कोई प्रस्ताव नहीं है।

सरकार का कहना है कि अगर E0, E10 और E20 तीनों तरह के पेट्रोल एक साथ उपलब्ध कराए जाएं, तो भंडारण, सप्लाई और संचालन (लॉजिस्टिक्स) का खर्च काफी बढ़ जाएगा। इसलिए अब देशभर में E20 व्यवस्था को ही आगे बढ़ाया जा रहा है।

सरकार के मुताबिक, मौजूदा समय में एक लाख से अधिक पेट्रोल पंपों पर E20 पेट्रोल उपलब्ध है, जबकि प्रीमियम पेट्रोल केवल चुनिंदा पेट्रोल पंपों पर मिलता है।

सरकार का कहना है कि ईंधन नीति का उद्देश्य सिर्फ पेट्रोल उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि ऊर्जा सुरक्षा, प्रदूषण कम करना और किसानों को फायदा पहुंचाना भी है। इसी वजह से सरकार वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित ईंधन को बढ़ावा दे रही है और पुराने मॉडल पर लौटने की फिलहाल कोई योजना नहीं है।

Also Read: राहुल गांधी का दावा, ‘मुझे घसीट रहे पुलिसवालों ने कहा- इस सरकार को हटाइए, हम मजबूर हैं’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.