पेपर लीक मामलों पर सुनवाई के लिए दिल्ली के राऊज एवेन्यू कोर्ट में स्पेशल फास्ट ट्रैक कोर्ट शुरू
Sandesh Wahak Digital Desk: नीट और अन्य राष्ट्रीय प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली व पेपर लीक की घटनाओं पर त्वरित अदालती कार्रवाई के लिए दिल्ली के राऊज एवेन्यू स्थित कोर्ट नंबर 408 में स्पेशल फास्ट ट्रैक कोर्ट ने विधिवत काम शुरू कर दिया है। विशेष न्यायाधीश अनु ग्रोवर बालिगा ने शनिवार को अपना पदभार ग्रहण कर लिया। दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा गठित इस विशेष अदालत का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक परीक्षाओं में होने वाले अपराधों, मुकदमों और नकल माफियाओं से जुड़े मामलों की दिन-प्रतिदिन सुनवाई कर पीड़ितों को जल्द न्याय दिलाना है।
प्रधानमंत्री की घोषणा के बाद उठाया गया कदम
प्रतियोगी परीक्षाओं की शुचिता बनाए रखने और करोड़ों छात्रों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए केंद्र सरकार सख्त रवैया अपना रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशभर में फास्ट ट्रैक अदालतों के गठन के निर्देश के बाद यह बड़ा कदम उठाया गया है। पीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी थी कि युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और त्वरित न्यायिक प्रक्रिया के जरिए उन्हें सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी।
पेपर लीक कानून में बड़े बदलाव की तैयारी
दूसरी ओर, केंद्र सरकार पेपर लीक पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए मौजूदा कानूनी प्रावधानों को और अधिक कठोर बनाने जा रही है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने द पब्लिक एग्जामिनेशंस (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) एक्ट, 2024 में संशोधन से जुड़े मसौदे को अपनी हरी झंडी दे दी है। नए प्रस्तावित बिल में संगठित पेपर लीक सिंडिकेट के खिलाफ सजा को और सख्त करते हुए 10 वर्ष तक के कारावास और अधिकतम 10 करोड़ रुपये तक के भारी-भरकम जुर्माने का प्रावधान शामिल किया गया है।
Also Read: CJP प्रमुख अभिजीत दीपके को हुआ टाइफाइड, वीडियो शेयर कर दी जानकारी

