CJP प्रोटेस्ट से लौट रहे बरेली के छात्रों को BJP नेता ने पीटा, दहशत में पीड़ित परिवार, कार्रवाई की मांग तेज
Bareilly News: दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP Protest) के प्रदर्शन से लौट रहे बरेली के दो छात्रों के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित छात्रों ने BJP नेता सत्यम पंडित (Satyam Pandit) और उनके साथियों पर रास्ता रोककर गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला राजनीतिक तूल पकड़ गया है।
पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी वीडियो साझा कर भाजपा पर निशाना साधा है।
जंतर-मंतर से लौटते समय रोकने का आरोप
बरेली के फरीदपुर स्थित महादेव मोहल्ले के रहने वाले बीएससी छात्र आयुष रंजन ने बताया कि वह अपने दोस्त राहुल के साथ 23 जुलाई को दिल्ली में CJP Protest में शामिल होने गए थे। प्रदर्शन समाप्त होने के बाद 25 जुलाई की सुबह दोनों वापस लौट रहे थे।
आयुष का आरोप है कि जंतर-मंतर के पास भाजपा नेता सत्यम पंडित अपनी कार और कुछ साथियों के साथ मिले। उन्होंने दोनों छात्रों को रोककर गाली-गलौज की, उनके साथ हाथापाई की और एक छात्र को थप्पड़ भी मारा। छात्रों का आरोप है कि मौके पर पुलिसकर्मी मौजूद थे, लेकिन किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया।
वायरल वीडियो से बढ़ा विवाद
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ लोग छात्रों से सवाल-जवाब करते और कथित तौर पर उनके साथ अभद्र व्यवहार करते दिखाई दे रहे हैं। पीड़ितों का आरोप है कि वीडियो आरोपियों ने ही बनवाया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर साझा किया। उनका कहना है कि उनसे कैमरे के सामने जबरन माफी भी मंगवाई गई।
घटना के बाद दोनों छात्रों के परिवारों ने प्रशासन से आरोपी भाजपा नेता और अन्य लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले की जानकारी मिलने पर समाजवादी पार्टी के स्थानीय नेता भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे।
अखिलेश यादव ने साधा निशाना
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी घटना का वीडियो साझा करते हुए भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं के साथ इस तरह का व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और मामले में तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग भी उठाई।
Also Read: गंगा एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर से टकराकर पलटी अनियंत्रित डबल डेकर बस, 2 की मौत

