Siddharthnagar News: उद्यान विभाग की योजनाओं पर मिलेगा अनुदान, पहले आओ, पहले पाओ की तर्ज पर शुरू हुआ पंजीकरण

Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में कृषि और बागवानी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उद्यान विभाग की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत किसानों को सब्सिडी देने का काम शुरू हो गया है। एकीकृत बागवानी विकास मिशन (MIDH) के तहत जनपद को अलग-अलग फसलों, सब्जियों और आधुनिक कृषि यंत्रों के लिए लक्ष्य आवंटित किए गए हैं। जिला उद्यान अधिकारी विमल कान्त ने जानकारी दी कि किसान विभाग की आधिकारिक वेबसाइट [http://dbt.uphorticulture.in](http://dbt.uphorticulture.in) पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनुदान की धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी (DBT) के माध्यम से भेजी जाएगी।

केला, स्ट्रॉबेरी से लेकर आधुनिक कृषि यंत्रों तक पर भारी छूट

विभाग की ओर से जारी लक्ष्य के अनुसार, टिश्यू कल्चर केला, स्ट्रॉबेरी, ड्रैगन फ्रूट, पपीता, आम, अमरूद, लीची, संकर शाकभाजी, प्याज और लहसुन जैसी फसलों के लिए क्षेत्रवार लक्ष्य तय किए गए हैं। इसके अतिरिक्त लतावर्गीय सब्जियों के लिए मचान, मल्चिंग, इको फ्रेंडली लाइट ट्रैप, फेसिंग, पावर टिलर और मधुमक्खी पालन जैसी पहलों के लिए भी प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

7 दिनों के भीतर दफ्तर में जमा कराने होंगे दस्तावेज

योजना का लाभ उठाने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के तुरंत बाद प्रक्रिया पूरी नहीं होगी। आवेदक किसानों को 7 कार्यदिवसों के भीतर अपनी पहचान प्रमाण (जैसे पहचान पत्र), बैंक पासबुक, खतौनी, फार्मर आईडी और पासपोर्ट साइज फोटो की प्रतियां जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय में जमा करनी होंगी। समय सीमा के भीतर दस्तावेज पेश न करने पर आवेदन निरस्त कर दिया जाएगा। जिला उद्यान अधिकारी ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे समय रहते इस योजना से जुड़कर लाभ उठाएं। चूंकि विभागीय लक्ष्य सीमित हैं, इसलिए आवेदनों का चयन पहले आओ, पहले पाओ की व्यवस्था के तहत पात्रता जांचने के बाद किया जाएगा।

रिपोर्ट- जाकिर खान

Also Read: Amethi News: चार बार सस्पेंड हो चुके लापरवाह टीचर पर बड़ा एक्शन, BSA ने नौकरी से किया बर्खास्त

Get real time updates directly on you device, subscribe now.