22 हजार से ज्यादा स्कूल बंद कर दिए, अखिलेश यादव का BJP पर हमला, बोले- बच्चों का भविष्य बर्बाद

Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने शिक्षा और परीक्षा प्रणाली को बर्बाद कर दिया है, जिससे छात्रों और युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उनका आरोप है कि भाजपा गरीब परिवारों के बच्चों को शिक्षा से दूर करना चाहती है।

22 हजार से ज्यादा प्राइमरी स्कूल बंद किए गए

अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 22 हजार से अधिक प्राइमरी स्कूलों को मर्जर और अन्य कारणों का हवाला देकर बंद कर दिया गया। उन्होंने कहा कि जिन स्कूलों से बच्चों की पढ़ाई की शुरुआत होती है, सरकार उन्हीं को खत्म कर रही है। उनके मुताबिक कई सरकारी स्कूलों में आज भी जर्जर भवन, बिजली की कमी, पंखों का अभाव और टपकती छत जैसी समस्याएं बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के इन हालात के लिए भाजपा सरकार पूरी तरह जिम्मेदार है।

शिक्षा और रोजगार को लेकर भी साधा निशाना

सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा के एजेंडे में कभी शिक्षा और रोजगार प्राथमिकता में नहीं रहे। उन्होंने दावा किया कि सरकार की नीतियों से शिक्षा व्यवस्था लगातार कमजोर हुई है और छात्र-युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि देशभर के छात्र भाजपा की शिक्षा विरोधी नीतियों से नाराज हैं और भविष्य में उन्हें माफ नहीं करेंगे।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा नफरत की राजनीति कर रही है। उनका कहना था कि सरकार ने नए स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय बनाने के बजाय शिक्षा संस्थानों को कमजोर किया है। उन्होंने रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार उसे भी नुकसान पहुंचाना चाहती है। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि विश्वविद्यालयों को नुकसान पहुंचाने वालों को कभी समाज ने स्वीकार नहीं किया।

Also Read: जैमर को चकमा देकर कराते थे ऑनलाइन नकल, SSC परीक्षा फर्जीवाड़े का आरोपी अलवर से गिरफ्तार 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.