जैमर को चकमा देकर कराते थे ऑनलाइन नकल, SSC परीक्षा फर्जीवाड़े का आरोपी अलवर से गिरफ्तार
UP News: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की ऑनलाइन परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल कराने वाले गिरोह के एक वांछित आरोपी लोकेश को राजस्थान के अलवर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को 30 जुलाई 2026 की शाम करीब 5:30 बजे पकड़ा गया। यह कार्रवाई SSC की सीएपीएफ, एसएसएफ कांस्टेबल (जनरल ड्यूटी) और असम राइफल्स राइफलमैन परीक्षा-2026 में धांधली के मामले में की गई।
घर से मिला हाईटेक सामान
STF ने आरोपी के घर से 92 मॉडिफाइड TFT स्क्रीन, 45 VGA कार्ड, 20 VGA टू HDMI कार्ड, 14 रास्पबेरी पाई, मेमोरी कार्ड, केबल, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। जांच में सामने आया कि आरोपी इन्हीं उपकरणों के जरिए परीक्षा में नकल कराने की तकनीक उपलब्ध कराता था।
ऐसे करता था परीक्षा में फर्जीवाड़ा
STF के अनुसार, इससे पहले इस मामले में गिरोह के सरगना प्रदीप चौहान, हैकर अमित राणा समेत कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि लोकेश मॉडिफाइड TFT स्क्रीन तैयार कर उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में सप्लाई करता था। एक स्क्रीन तैयार करने में करीब 40 हजार रुपये खर्च होते थे, जबकि वह इसके लिए 5 हजार रुपये प्रति TFT अलग से वसूलता था।
जांच में यह भी सामने आया कि मॉडिफाइड TFT स्क्रीन सामान्य स्क्रीन जैसी दिखाई देती थी। परीक्षा केंद्र में इसे लगाकर पूरी स्क्रीन को वाई-फाई डोंगल के जरिए बाहर मौजूद सिस्टम पर स्ट्रीम किया जाता था, जहां बैठा सॉल्वर प्रश्नपत्र हल करता था। आरोपी के खिलाफ ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाने में दर्ज मुकदमे में बीएनएस और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: IB अधिकारी अंकित शर्मा हत्याकांड में ताहिर हुसैन को उम्रकैद, कोर्ट ने सुनाया बड़ा फैसला

