आंध्र प्रदेश को 18 हजार करोड़ की सौगात, पीएम मोदी ने अल्लूरी सीताराम राजू एयरपोर्ट का किया उद्घाटन
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर आंध्र की पावन धरा पर स्वर्ण आंध्र के विजन को गति देते हुए भोगापुरम में अल्लूरी सीताराम राजू एयरपोर्ट का भव्य उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए 18,000 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। भगवान श्री वराह लक्ष्मी नरसिंह स्वामी, श्री कूर्मनाथ स्वामी और मां पोंडितल्ली को नमन करते हुए पीएम ने कहा कि ये प्रोजेक्ट्स न केवल रोड कनेक्टिविटी और एनर्जी सिक्योरिटी को मजबूत करेंगे, बल्कि आंध्र प्रदेश की तेज विकास दर का प्रतीक भी हैं।
जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की दूरदर्शिता की सराहना की, जिन्होंने एक तरफ आधुनिक बुनियादी ढांचे (एयरपोर्ट) का निर्माण कराया तो दूसरी ओर 13 हजार से अधिक जनजातीय बहनों के माध्यम से पारंपरिक धीमसा नृत्य का विश्व रिकॉर्ड बनवाया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में हवाई अड्डों के नाम एक ही परिवार तक सीमित रहते थे, लेकिन एनडीए सरकार ने अयोध्या में महर्षि वाल्मीकि और पंजाब में संत रविदास के बाद अब इस एयरपोर्ट का नाम महान स्वतंत्रता सेनानी अल्लूरी सीताराम राजू के नाम पर रखकर जनजातीय विरासत और जनसेवा को सम्मान दिया है।
प्रधानमंत्री ने देश के एविएशन सेक्टर की प्रगति का उल्लेख करते हुए बताया कि 2014 में देश में केवल 74 क्रियाशील एयरपोर्ट थे, जो आज बढ़कर 166 हो चुके हैं। उड़ान योजना के माध्यम से छोटे शहरों के आम नागरिक भी अब हवाई सफर कर पा रहे हैं और इसके दूसरे चरण के लिए 29,000 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। काशी और अमृतसर जैसे सांस्कृतिक केंद्रों के नए एविएशन मॉडल का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि चंद्रबाबू नायडू और पवन कल्याण के नेतृत्व में आंध्र की डबल इंजन सरकार राज्य को विकसित भारत का मुख्य ‘ग्रोथ इंजन’ बनाने के लिए दोगुनी गति से काम कर रही है।
रेलवे का 100% विद्युतीकरण और सेमीकंडक्टर प्लांट से युवाओं को मौका
राज्य में बुनियादी ढांचे के अभूतपूर्व विकास पर प्रकाश डालते हुए पीएम ने बताया कि आंध्र प्रदेश में लगभग 1 लाख करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं पर काम चल रहा है और पूरे रेल नेटवर्क का 100% विद्युतीकरण हो चुका है। विशाखापट्टनम-रायपुर एक्सप्रेसवे जैसे कॉरिडोर से कनेक्टिविटी सुधर रही है। इसके साथ ही, आईटी और टेक क्षेत्र में आंध्र के युवाओं की प्रतिभा को देखते हुए विशाखापट्टनम में नए सेमीकंडक्टर प्लांट का शिलान्यास किया गया है, जो राज्य को फ्यूचरिस्टिक टेक्नोलॉजी का केंद्र बनाएगा।
ब्लू इकॉनमी, नए पोर्ट्स का विकास और इन्वेस्टमेंट से रोजगार का मंत्र
पीएम मोदी ने जोर देकर कहा कि केंद्र सरकार तटीय इलाकों को कोस्टल इकॉनमिक कॉरिडोर के रूप में विकसित कर रही है। विशाखापत्तनम और कृष्णापत्तनम जैसे मौजूदा बंदरगाहों के आधुनिकीकरण के साथ-साथ मुलापेटा और रामायपत्तनम में नए पोर्ट्स विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने अपनी सरकार का मुख्य मंत्र इन्वेस्टमेंट से रोजगार बताते हुए कहा कि निवेश से मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपोर्ट बढ़ता है, जिससे प्रत्यक्ष रूप से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होते हैं और आम परिवारों का जीवन स्तर बेहतर होता है।
Also Read: महाराजगंज में खेत के पास मिला तेंदुए का शव, गर्दन पर मिले दांतों के निशान

