E20 के विरोध में केजरीवाल का बड़ा ऐलान, 100 समर्थकों संग PM आवास तक करेंगे मार्च
Arvind Kejriwal: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने E20 ईंधन के विरोध को तेज करते हुए प्रधानमंत्री आवास तक मार्च करने का ऐलान किया है। दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित E20 पर टाउन हॉल कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि मंगलवार दोपहर वह हस्ताक्षर अभियान के तहत ज्ञापन लेकर करीब 100 लोगों के साथ लोक कल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च करेंगे। उन्होंने कहा कि उनके साथ वही लोग आएं जिन्हें लाठीचार्ज या जेल जाने का डर न हो।
केजरीवाल ने सरकार के सामने रखीं तीन मांगें
कार्यक्रम के दौरान केजरीवाल ने सरकार से तीन प्रमुख मांगें रखीं। उन्होंने कहा कि सभी पेट्रोल पंपों पर लोगों को E20 और शुद्ध पेट्रोल में से अपनी पसंद का विकल्प मिलना चाहिए। दूसरी मांग E20 पेट्रोल की कीमत कम करने की रही। साथ ही उन्होंने कहा कि पेट्रोल की कीमत 84 रुपये प्रति लीटर से कम होनी चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार जिस रिपोर्ट का हवाला देकर E20 से वाहनों को नुकसान न होने का दावा कर रही है, उसे सार्वजनिक किया जाए ताकि लोग सच्चाई जान सकें।
वीडियो साझा करने की अपील, सरकार पर लगाए आरोप
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सरकार E20 को लेकर लोगों को गुमराह कर रही है। उन्होंने दावा किया कि E20 से जुड़ी कोई वास्तविक स्टडी सार्वजनिक नहीं की गई है। केजरीवाल ने लोगों से अपील की कि यदि उन्हें E20 पेट्रोल के इस्तेमाल से कोई परेशानी हो रही है तो उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर उन्हें टैग करें। उन्होंने कहा कि ऐसे वीडियो वह अपने सोशल मीडिया अकाउंट से भी साझा करेंगे।
इसके साथ ही केजरीवाल ने लोगों से फिलहाल पेट्रोल और डीजल की नई गाड़ियां नहीं खरीदने की अपील की। उन्होंने दावा किया कि जब तक देश में E100 ईंधन पर चलने वाले वाहन उपलब्ध नहीं हो जाते, तब तक नई गाड़ी खरीदने से बचना चाहिए।
Also Read: Aligarh News: डॉक्टर से अफेयर के शक में बहू की हत्या, नदी में फेंका शव, सीक्रेट लेटर से सुलझी गुत्थी

