टीम इंडिया में वापसी से पहले हार्दिक पंड्या ने मुंडवाया सिर, गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा संग तिरुमला मंदिर में किए दर्शन
Sports News: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या इन दिनों अपनी वापसी की तैयारी में जुटे हैं।
इसी बीच उनकी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें वह मुंडे हुए सिर के साथ नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि हार्दिक पंड्या आंध्र प्रदेश के तिरुमला स्थित प्रसिद्ध भगवान श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे।
हार्दिक ने मंदिर में की पूजा-अर्चना
हार्दिक पंड्या अपनी गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा के साथ तिरुमला मंदिर पहुंचे। दोनों ने सुबह होने वाली प्रसिद्ध सुप्रभातम सेवा में हिस्सा लिया और भगवान वेंकटेश्वर स्वामी का आशीर्वाद लिया। इस दौरान दोनों सफेद कपड़ों में नजर आए।
तिरुमला मंदिर में बाल दान करने की परंपरा
तिरुमला स्थित वेंकटेश्वर मंदिर में बाल दान करने की परंपरा काफी पुरानी है। मान्यता है कि श्रद्धालु अपनी मनोकामना पूरी होने या भगवान के प्रति आस्था व्यक्त करने के लिए बाल अर्पित करते हैं।
इसे अहंकार त्यागने और भगवान के प्रति समर्पण का प्रतीक भी माना जाता है।

हालांकि, हार्दिक पंड्या ने किस खास मनोकामना के लिए बाल दान किए हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
चोट के बाद वापसी की तैयारी में हार्दिक
हार्दिक पंड्या लंबे समय से चोट के कारण टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं। पीठ की समस्या और जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव के चलते वह हाल में आयरलैंड और इंग्लैंड दौरों पर भी टीम का हिस्सा नहीं बन सके थे।
अब हार्दिक रिकवरी के दौर में हैं और जल्द ही भारतीय टीम में वापसी कर सकते हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिटर्न-टू-प्ले प्रोटोकॉल भी पूरा कर लिया है।
माना जा रहा है कि फिट होने के बाद वह भारतीय टीम के लिए व्हाइट बॉल क्रिकेट में वापसी कर सकते हैं।

