‘Chaiwalaz’ के फाउंडर रोहित शर्मा ने किया सुसाइड, 17 की उम्र में शुरू किया था स्टार्टअप
Rajasthan News: राजस्थान के दौसा से एक दुखद खबर सामने आई है। लोकप्रिय चाय स्टार्टअप ‘चायवालाज़’ (Chaiwalaz) के संस्थापक रोहित शर्मा (Rohit Sharma) का 30 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। पुलिस के अनुसार, शनिवार को वह अपने घर में मृत पाए गए। मामले की जांच जारी है और मृत्यु के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, रोहित शर्मा दौसा की साकेत कॉलोनी स्थित अपने घर में थे। परिवार के लोगों ने उन्हें कमरे में अचेत अवस्था में पाया। दरवाजा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला गया और तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
रोहित शर्मा ने बेहद कम उम्र में उद्यमिता (Entrepreneurship) की राह चुनी थी। नर्सिंग की पढ़ाई के दौरान उन्होंने महज 17 साल की उम्र में ‘Chaiwalaz’ की शुरुआत की। जयपुर के मानसरोवर इलाके में शिप्रा पथ पर उन्होंने अपना पहला चाय कैफे खोला। ग्राहकों का अच्छा प्रतिसाद मिलने के बाद उन्होंने कारोबार का विस्तार किया।
कुछ ही वर्षों में ‘Chaiwalaz’ के आउटलेट जयपुर समेत कई शहरों तक पहुंच गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक समय उनके सात आउटलेट संचालित हो रहे थे और उनका ब्रांड युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हुआ था।
छह महीने पहले बंद कर दिए थे सभी आउटलेट
बताया जा रहा है कि करीब छह महीने पहले रोहित शर्मा ने अपने सभी आउटलेट बंद कर दिए थे। इसके बाद उन्होंने आध्यात्मिक गतिविधियों की ओर रुख किया और कई धार्मिक स्थलों की यात्राएं भी कीं। कारोबार के साथ-साथ वह सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहते थे और दौसा में कई सामाजिक गतिविधियों से जुड़े हुए थे।
परिवार में पत्नी और बेटा
रोहित शर्मा अपने पीछे पत्नी और सात साल के बेटे को छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं, जबकि उनके पिता हितेंद्र मोहन शर्मा दौसा में मेडिकल स्टोर का संचालन करते हैं। घटना के बाद परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। अधिकारियों ने फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बचने की बात कही है।
Also Read: Paytm Payments Bank की कहानी खत्म! दिल्ली HC ने हमेशा के लिए बंद करने का दिया आदेश

