Greater Noida की ILGIM कंपनी में भीषण आग, रेस्क्यू के दौरान 2 फायरकर्मियों की मौत, 3 घायल

Greater Noida Fire Accident: ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र स्थित ILGIM कंपनी में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इलेक्ट्रॉनिक चिप बनाने वाली इस कंपनी में आग बुझाने के दौरान दीवार और लोहे का बीम अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में पांच फायरकर्मी आ गए।

हादसे में दो दमकलकर्मियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

आग की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की कई टीमें दमकल वाहनों के साथ मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए अभियान चल रहा था, तभी कंपनी की एक साइड की दीवार और लोहे का भारी बीम अचानक गिर गया।

मलबे में फायर सर्विस के मुख्य आरक्षी चालक राजपाल सिंह, तीरथपाल सिंह, फायरमैन मनीष कुमार, अमित कुमार और रोहित यादव दब गए।

रेस्क्यू के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा

मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और अन्य दमकलकर्मियों ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। सभी घायलों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने फायरमैन रोहित यादव और मुख्य आरक्षी चालक तीरथपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया।

वहीं राजपाल सिंह, मनीष कुमार और अमित कुमार का इलाज जारी है। पुलिस के मुताबिक तीनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।

SDRF ने भी संभाला मोर्चा

हादसे की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। किसी अन्य व्यक्ति के मलबे में दबे होने की आशंका के चलते SDRF की टीम को भी बुलाया गया। संयुक्त अभियान के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया और पूरे परिसर की तलाशी ली गई।

पुलिस ने दोनों मृत फायरकर्मियों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आग (Greater Noida Fire Accident) लगने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: E20 से सस्ता रहा पेट्रोल, वरना ₹125 लीटर तक पहुंच जाती कीमत, मोदी सरकार का दावा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.