गुटखा मांगने पर फौजी ने दुकानदार को मारी गोली, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र स्थित खेड़ी भनौता गांव में गुटखा मांगने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद गोलीबारी तक पहुंच गया। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले एक फौजी ने गुस्से में अपनी लाइसेंसी पिस्टल से दुकानदार पर फायर कर दिया। गोली दुकानदार उदय प्रताप के पेट के निचले हिस्से में लगी और आर-पार निकल गई।

घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार इलाज के बाद उसकी हालत अब खतरे से बाहर है।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

जानकारी के अनुसार, उदय प्रताप अपनी दुकान पर मौजूद थे। तभी पड़ोसी सुरेंद्र, जो फौजी बताया जा रहा है, गुटखा लेने पहुंचा। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो जल्द ही गाली-गलौज और हिंसक झगड़े में बदल गई। इसी दौरान सुरेंद्र ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और वारदात में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली।

एडीसीपी ने दी घटना की जानकारी

सेंट्रल नोएडा के एडिशनल डीसीपी स्वतंत्र सिंह ने बताया कि गुटखा मांगने को लेकर दो पड़ोसियों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपी ने गोली चला दी, जिससे दुकानदार घायल हो गया।

उन्होंने बताया कि घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।  

Also Read: राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर यूपी विधानसभा में जोरदार हंगामा, सपा विधायक सचिन यादव निलंबित 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.