Bareilly News: सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ बड़ा कदम, आनंदीबेन पटेल ने नियमित टीकाकरण में शामिल की एचपीवी वैक्सीन
Bareilly News: उत्तर प्रदेश में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से सुरक्षित रखने के लिए मंगलवार को एक ऐतिहासिक शुरुआत हुई। प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने ऑनलाइन माध्यम से एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन को नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल करने का औपचारिक शुभारंभ किया। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय में आयोजित मुख्य समारोह के दौरान एचपीवी टीकाकरण शिविर लगाया गया, जहाँ 11 किशोरियों को टीके की खुराक दी गई।
अब हर बुधवार और शनिवार को लगेगा निःशुल्क टीका
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि पहले एचपीवी वैक्सीन को अप्रैल माह से विशेष अभियान के रूप में चलाया जा रहा था। लेकिन अब इसे नियमित स्वास्थ्य सेवा का हिस्सा बना दिया गया है। इसके तहत अब जनपद के सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रत्येक बुधवार और शनिवार को आयोजित होने वाले नियमित टीकाकरण सत्रों में पात्र किशोरियों (14 वर्ष तक) को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन की एकल खुराक दी जाएगी।
बरेली बना यूपी का नंबर-1 जिला
जिले में टीकाकरण की प्रगति की जानकारी देते हुए सीएमओ ने बताया कि मार्च से अब तक बरेली में 14 वर्ष तक की 25,053 किशोरियों का सफलतापूर्वक टीकाकरण किया जा चुका है। जिले को कुल 55,336 का लक्ष्य मिला था, जिसका 45.3 प्रतिशत हासिल कर लिया गया है। बरेली का यह प्रदर्शन प्रदेश के औसत कवरेज (27.7%) से काफी बेहतर है और जिला पूरे राज्य में पहले पायदान पर बना हुआ है।
कम कवरेज वाले 5 ब्लॉकों पर विशेष फोकस
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रशांत रंजन ने बताया कि भदपुरा (24.1%), नवाबगंज (25.3%), बहेड़ी (25.5%), शेरगढ़ (26.0%) और बरेली अर्बन (31.9%) में टीकाकरण की गति धीमी है। नोडल अर्बन डॉ. अजमेर सिंह के अनुसार, इन क्षेत्रों और शहरी बस्तियों में छूटी हुई किशोरियों को कवर करने के लिए विशेष स्कूल अभियान और सामुदायिक जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे।
सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सबसे सुरक्षित माध्यम
चिकित्सकों के अनुसार, एचपीवी संक्रमण ही सर्वाइकल कैंसर का मुख्य कारण है। 14 वर्ष तक की उम्र में यह टीका लगवाने से जीवनभर के लिए सुरक्षा मिलती है। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित है। माहवारी (Periods) के दौरान भी यह टीका सुरक्षित रूप से लगवाया जा सकता है, इसके लिए रुकने की आवश्यकता नहीं है। सामान्य सर्दी-जुकाम या हल्के बुखार में भी चिकित्सकीय परामर्श के साथ टीकाकरण कराया जा सकता है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) की मिशन निदेशक डॉ. पिंकी जोवेल ने 31 अगस्त 2026 तक 14 वर्ष की सभी पात्र किशोरियों का शत-प्रतिशत टीकाकरण पूरा करने के कड़े निर्देश जारी किए हैं। इसके लिए आशा, एएनएम और सीएचओ के जरिए घर-घर सर्वे कर सूची तैयार की जाएगी और 5 से 10 अगस्त के बीच यू-विन पोर्टल पर प्री-रजिस्ट्रेशन कराया जाएगा। प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर टीकाकरण की दैनिक समीक्षा और मॉनिटरिंग की जाएगी।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: बिजनौर के राकेश हत्याकांड में 8 दोषियों को उम्रकैद, कोर्ट ने लगाया 10.80 लाख का जुर्माना

