Lucknow News: दुबई से सोना ला रहे युवक को कार में घुमाकर लूटा, 30 लाख के सोने के कैप्सूल के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार
Lucknow News: राजधानी लखनऊ की सरोजनीनगर पुलिस और डीसीपी दक्षिणी की सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय सोना तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 30 लाख रुपये कीमत का 203.92 ग्राम वजनी सोने का कैप्सूल (रबर में लिपटा हुआ पाउडर) बरामद किया है। पुलिस आयुक्त तरुण गाबा, संयुक्त पुलिस आयुक्त अपर्णा कुमार व डीसीपी साउथ मो. मुश्ताक के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
बलिया जिले के निवासी महबूब आलम 27 जुलाई, 2026 को दुबई से लखनऊ के अमौसी (चौधरी चरण सिंह) एयरपोर्ट पहुँचे थे। एयरपोर्ट के बाहर पहले से घात लगाए बैठे गिरोह के सदस्यों ने उन्हें एक काले रंग की ब्रेज़ा कार में बैठा लिया। आरोपियों ने उन्हें शहर में काफी देर इधर-उधर घुमाया और फिर आलमबाग बस अड्डे के पास चकमा देकर गाड़ी से उतार दिया। इसके बाद आरोपी उनका ट्रॉली बैग, पासपोर्ट और बैग में छिपाकर लाया गया सोने का कैप्सूल लेकर रफूचक्कर हो गए। पीड़ित की तहरीर पर सरोजनीनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

130 सीसीटीवी खंगालकर पुलिस ने दबोचा
घटना के खुलासे के लिए गठित 4 विशेष पुलिस टीमों ने करीब 100 से 130 सीसीटीवी कैमरों और सर्विलांस साक्ष्यों की गहन जांच की। 4 अगस्त को पुलिस टीम ने वारदात में शामिल दोनों मुख्य अभियुक्तों दीपक वर्मा (30 वर्ष): निवासी किठूरा, थाना श्रीदत्तगंज, बलरामपुर (हाल पता: लुधियाना, पंजाब) और राम प्रताप दुबे (30 वर्ष): निवासी इटाई मैदा, थाना श्रीदत्तगंज, बलरामपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह राजस्थान, पंजाब और यूपी के अपराधियों का एक संगठित सिंडिकेट है। गिरोह के सदस्य गल्फ देशों (विशेषकर दुबई) में फंसे उन भारतीयों को तलाशते हैं जो किसी वजह से जल्द भारत लौटना चाहते हैं। उन्हें फ्री टिकट, शॉपिंग और पैसों का प्रलोभन दिया जाता है। झांसे में आने के बाद सोने का बारीक बुरादा बनाकर उसे कंडोम/रबर कैप्सूल में पैक किया जाता है। फिर इसे मलाशय (Rectum) के रास्ते शरीर में छिपाकर भारत के अलग-अलग एयरपोर्ट्स पर भेजा जाता है।
इस मामले में राजस्थान की टीम ने अभियुक्तों को अमौसी एयरपोर्ट पर उतरे महबूब आलम से सोना रिसीव करने की जिम्मेदारी दी थी। लेकिन ज्यादा मुनाफे के लालच में आरोपियों ने अपनी ही टीम के वाहक को चकमा देकर सोना चुरा लिया। सफलतापूर्वक इस अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करने और माल बरामद करने वाली पुलिस टीम की सराहना करते हुए डीसीपी साउथ ने टीम को 25,000 रुपये के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
Also Read: Bollywood News: सीमा-सोहेल के रिश्ते पर सलमान खान का छलका दर्द, बोले- ‘भाई को टूटते देखा है’

