बिना बेईमानी मैदान में उतरे तो हार गए, उपचुनाव में BJP की हार पर अखिलेश का तंज

Akhilesh Yadav: बांकीपुर और दतिया विधानसभा उपचुनाव के नतीजों के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस चुनाव से यह साफ हो गया कि अगर भाजपा बिना कथित बेईमानी के चुनाव लड़े तो उसे हार का सामना करना पड़ता है।

अखिलेश यादव ने कहा कि वह देखना चाहते थे कि भाजपा को बिना कथित गड़बड़ी के कितने वोट मिलते हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता ने इस बार अपना जवाब दे दिया है। सपा प्रमुख ने कहा कि अगर भाजपा कुंदरकी या पश्चिम बंगाल की तरह चुनाव लड़ती और फोर्स का इस्तेमाल करती, तो शायद नतीजे अलग होते। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना पुलिस-प्रशासन, कथित बेईमानी और ईवीएम में घोटाले के भाजपा की नाराजगी सामने आ गई।

सोशल मीडिया पोस्ट में भी साधा निशाना

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी भाजपा पर तंज कसा। उन्होंने लिखा, “भगवान को नचाने का अहंकार रखने वालों को भगवान ने ही नचा दिया। अपने को भगवान से ऊपर समझने वालों को भगवान ने चलती गाड़ी से नीचे उतार दिया।” उन्होंने इसे युवाओं की एकजुटता और जनता के आक्रोश का परिणाम बताया।

डबल इंजन की डबल हार बताया

सपा प्रमुख ने कहा कि अब भाजपा के भीतर भी इस्तीफे की मांग उठ सकती है, क्योंकि जो नेता अपनी ही विधानसभा सीट नहीं बचा सके, उन पर सवाल उठेंगे। उन्होंने कहा कि यह “डबल इंजन की डबल हार” है और भाजपा की परंपरागत सुरक्षित सीटें भी अब सुरक्षित नहीं रहीं। उनके अनुसार, यह नतीजा बदलाव की शुरुआत का संकेत है।

 

Also Read: Bareilly News: सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ बड़ा कदम, आनंदीबेन पटेल ने नियमित टीकाकरण में शामिल की एचपीवी वैक्सीन 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.