1300 करोड़ की ‘वाराणसी’ पर बड़ा अपडेट, राजामौली ने कहानी और शूटिंग को लेकर खोले राज
Entertainment News: एस.एस. राजामौली की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वाराणसी’ को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है।
महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन स्टारर इस मेगा बजट फिल्म की शूटिंग तेजी से जारी है। करीब 1200-1300 करोड़ रुपये के बजट में बन रही यह फिल्म 7 अप्रैल 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
इंटरव्यू में राजामौली ने बताया कि फिल्म की करीब 80 फीसदी शूटिंग पूरी हो चुकी है। बड़े एक्शन सीक्वेंस पहले ही फिल्माए जा चुके हैं और अब छोटे लेकिन अहम दृश्यों की शूटिंग चल रही है।
उन्होंने बताया कि फिल्म की एडिटिंग और VFX का काम शूटिंग के साथ-साथ किया जा रहा है। जैसे ही कोई सीन पूरा होता है, उसे तुरंत VFX टीम को भेज दिया जाता है, ताकि प्रोडक्शन और पोस्ट-प्रोडक्शन का काम समानांतर चलता रहे।
वाराणसी से अंटार्कटिका और रोम तक जाएगी कहानी
राजामौली ने पहली बार फिल्म की कहानी को लेकर भी बड़ा संकेत दिया। उन्होंने कहा कि फिल्म की कहानी वाराणसी से शुरू होकर अंटार्कटिका, अफ्रीका और रोम तक जाती है और आखिर में फिर वाराणसी लौटती है।

हालांकि, उन्होंने कहानी के अन्य अहम हिस्सों का खुलासा नहीं किया।
IMAX फॉर्मेट में होगी रिलीज
निर्माताओं के मुताबिक, फिल्म को बड़े पैमाने पर IMAX फॉर्मेट में शूट किया जा रहा है। इसका उद्देश्य दर्शकों को भव्य विजुअल अनुभव देना है।
महेश बाबू और प्रियंका चोपड़ा इन दिनों अपने-अपने हिस्से की शूटिंग पूरी कर रहे हैं, जबकि पृथ्वीराज सुकुमारन पहले ही अपनी शूटिंग समाप्त कर चुके हैं।

