सोशल मीडिया पर दोस्ती पड़ी भारी, शादी से इनकार पर 11 साल के बेटे का अपहरण, पुलिस ने 6 घंटे में किया रेस्क्यू
Lucknow News: लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर हुई जान-पहचान के बाद एक युवक द्वारा महिला पर शादी का दबाव बनाने और इनकार करने पर उसके 11 वर्षीय बेटे का अपहरण करने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलते ही मड़ियांव पुलिस, सर्विलांस और क्राइम टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए महज छह घंटे के भीतर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।
महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी लगातार शादी करने का दबाव बना रहा था। इनकार करने पर वह फोन पर अंजाम भुगतने की धमकी देता था। इसके बाद महिला का 11 वर्षीय बेटा लापता हो गया। महिला को आशंका थी कि आरोपी उसके बेटे को नुकसान पहुंचा सकता है। इस शिकायत पर मड़ियांव थाने में बीएनएस की धारा 351(2) और 140(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
बहराइच से आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने बच्चे को बहराइच जिले के कैसरगंज क्षेत्र के चुलम्भा गांव से सकुशल बरामद किया। वहीं आरोपी अजय यादव उर्फ छन्नू लाल यादव (25) निवासी भिरवा, थाना गोपचांदपुर, जनपद बहराइच को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी सेंटरिंग का काम करता है।
पुलिस ने शुरू की आगे की जांच
पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला पर शादी का दबाव बना रहा था और मना करने पर उसने बच्चे का अपहरण कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर आरोपी को अदालत में पेश किया जा रहा है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी अन्य जिलों और थानों से भी जुटाई जा रही है।
Also Read: यह चोरी नहीं, सुनियोजित लूट, रामलला मंदिर चढ़ावा मामले पर विधानसभा में कांग्रेस का हमला

