‘ट्रंप के दबाव में US से एथेनॉल खरीदकर देश पर थोप रहे मोदी’, E20 पर केजरीवाल का बड़ा बयान

अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने E20 पेट्रोल (E20 Petrol) के मुद्दे पर केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च करते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) प्रमुख ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) के दबाव में अमेरिका से एथेनॉल खरीदकर देश पर थोप रहे हैं। हालांकि, प्रधानमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे केजरीवाल और उनके समर्थकों को दिल्ली पुलिस ने रास्ते में ही रोक दिया।

AAP का दावा है कि पार्टी 2.3 लाख से अधिक हस्ताक्षरयुक्त याचिकाएं (Petitions) लेकर प्रधानमंत्री से मिलने जा रही थी। प्रदर्शन के दौरान केजरीवाल सड़क पर बैठ गए और पुलिस से कहा कि उनका संदेश प्रधानमंत्री तक पहुंचाया जाए। उनके साथ ऐसे लोगों को भी लाया गया, जिनका दावा है कि E20 ईंधन के कारण उनकी गाड़ियों को नुकसान हुआ है।

E20 पर केंद्र सरकार को घेरा

मार्च शुरू करने से पहले जारी वीडियो संदेश में केजरीवाल ने कहा कि अमेरिका अतिरिक्त एथेनॉल का उत्पादन कर रहा है और उसका उपयोग नहीं हो पा रहा है। उनका आरोप है कि इसी वजह से ट्रंप के दबाव में भारत अमेरिका से बड़ी मात्रा में एथेनॉल खरीद रहा है। उन्होंने दावा किया कि पिछले वर्ष भारत ने करीब 1 बिलियन लीटर एथेनॉल खरीदा था और इस वर्ष यह आंकड़ा 5 बिलियन लीटर तक पहुंच सकता है।

केजरीवाल ने कहा कि इस नीति का असर आम लोगों की गाड़ियों पर पड़ रहा है और सरकार को लोगों पर E20 ईंधन थोपना बंद करना चाहिए। उन्होंने मांग की कि उपभोक्ताओं को शुद्ध और सस्ता पेट्रोल उपलब्ध कराया जाए।

पुलिस ने रोका, सड़क पर बैठे केजरीवाल

प्रधानमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को दिल्ली पुलिस ने बीच रास्ते में रोक दिया। इस दौरान AAP नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। केजरीवाल ने कहा कि वे किसी तरह की हिंसा या तोड़फोड़ नहीं कर रहे हैं और केवल प्रधानमंत्री तक अपनी बात पहुंचाना चाहते हैं।

केजरीवाल के प्रदर्शन पर भाजपा सांसद तरुण चुघ (Tarun Chugh) ने पलटवार करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च करना पूरी तरह बेवजह और बेतुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि AAP का यह प्रदर्शन किसान विरोधी है और केवल राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश है।

Also read: दतिया उपचुनाव में करारी हार के बाद BJP का बड़ा एक्शन, भंग किया पूरा Datia जिला संगठन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.