आगरा में पिता की खौफनाक साजिश! गर्भवती बेटी को नदी में डुबोकर मारा, वीडियो भी बनाया
Agra News: आगरा में ऑनर किलिंग का एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। जैतपुर में प्रेम विवाह करने वाली युवती की हत्या के अगले ही दिन बासौनी क्षेत्र से 18 वर्षीय गर्भवती युवती की हत्या का मामला उजागर हुआ। आरोप है कि पिता ही बेटी को दिल्ली से आगरा लाया, चंबल नदी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी और फिर दिल्ली लौटकर उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी। अब दिल्ली पुलिस आरोपी पिता को गिरफ्तार कर शव की तलाश में जुटी है।
पुलिस जांच के मुताबिक, बासौनी थाना क्षेत्र के लखनपुरा गांव के मूल निवासी लखपत सिंह, जो परिवार के साथ दिल्ली के तिगड़ी इलाके में रहता है, पर अपनी बेटी की हत्या का आरोप है। बताया जा रहा है कि 29 जुलाई को वह बेटी को दवा दिलाने के बहाने आगरा लेकर आया और चंबल नदी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी। आरोप है कि वारदात के दौरान उसने घटना का वीडियो भी अपने मोबाइल से रिकॉर्ड कराया। इसके बाद दिल्ली लौटकर बेटी की गुमशुदगी दर्ज करा दी, लेकिन जांच आगे बढ़ने पर पुलिस का शक उसी पर गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
चंबल में शव की तलाश
मंगलवार को दिल्ली पुलिस आरोपी को कस्टडी रिमांड पर लेकर आगरा पहुंची। बासौनी पुलिस और पीएसी के गोताखोरों की मदद से चंबल नदी में शव की तलाश की जा रही है। नदी में जलस्तर अधिक होने के कारण सर्च ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार, युवती का एक युवक से प्रेम संबंध था और वह गर्भवती थी। परिवार को इसकी जानकारी मिलने के बाद विवाद शुरू हो गया। पुलिस को आशंका है कि इसी वजह से वारदात को अंजाम दिया गया। फिलहाल पूरे मामले की जांच दिल्ली पुलिस कर रही है।
पुलिस क्या बोली?
पूर्वी दिल्ली के डीसीपी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि मामला दिल्ली में दर्ज है और आरोपी पिता को कस्टडी रिमांड पर लेकर शव की तलाश की जा रही है। वहीं दक्षिणी दिल्ली के डीसीपी अनंत मित्तल ने कहा कि चंबल नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चल रहा है। आगरा पुलिस भी जांच में सहयोग कर रही है।
Also Read: प्रयागराज में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, एक ही बेड पर मिले पति-पत्नी समेत 3 शव

