प्रयागराज में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, एक ही बेड पर मिले पति-पत्नी समेत 3 शव
Prayagraj News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में मंगलवार को सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शाहगंज थाना क्षेत्र के सरायकला मोहल्ले में एक किराए के मकान में तीन लोगों की हत्या कर दी गई। मृतकों में पति-पत्नी समेत एक अन्य महिला शामिल है। तीनों के शव एक ही कमरे में एक बेड पर खून से लथपथ हालत में मिले।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई। पुलिस ने शवों का पंचायतनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अभी तक हत्या के कारण और हत्यारों के बारे में कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
पति-पत्नी के साथ रहती थी महिला
जानकारी के मुताबिक, मृतक पति-पत्नी सरायकला इलाके में किराए के मकान में रहते थे और कबाड़ का काम करते थे। दोनों मूक-बधिर बताए जा रहे हैं। पड़ोस में रहने वाली एक अन्य महिला भी उनके घर आती-जाती थी और वह भी कबाड़ का काम करती थी।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार दोपहर तीनों की हत्या की सूचना मिली। एक साथ तीन लोगों की हत्या की खबर से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। स्थानीय पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
धारदार हथियार से हमले के निशान मिले
जांच के दौरान पुलिस ने देखा कि कमरे में तीनों शव एक ही बेड पर पड़े थे। पुरुष का शव बेड के एक तरफ था, जबकि दोनों महिलाओं के शव दूसरी तरफ एक-दूसरे के ऊपर पड़े मिले। तीनों के शरीर पर खून के निशान और धारदार हथियार से हमला किए जाने के संकेत मिले हैं।
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन अभी तक हत्या से जुड़ा कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। पुलिस अब घटनास्थल से मिले सबूतों और अन्य जानकारियों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

