केजरीवाल का इंस्टाग्राम अकाउंट हुआ ब्लॉक, पीएम मोदी का जिक्र कर मेटा पर लगाया दबाव में काम करने का आरोप
Sandesh Wahak Digital Desk: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम द्वारा उनका अकाउंट ब्लॉक किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। केजरीवाल ने ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर अकाउंट ब्लॉक होने का स्क्रीनशॉट साझा करते हुए मेटा (Meta) की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि टेक कंपनी के दफ्तर से उन्हें जानकारी मिली है कि उनका अकाउंट सिर्फ भारत में प्रतिबंधित किया गया है, जबकि इसके पीछे की कोई ठोस वजह या स्पष्टीकरण ईमेल पर भी नहीं दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई पर कड़ा एतराज जताते हुए केजरीवाल ने मेटा को निशाने पर लिया और कहा कि टेक कंपनियों को प्रधानमंत्री के सामने इतना भी नहीं झुकना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर यही रवैया रहा तो एक दिन देश में सिर्फ प्रधानमंत्री का ही सोशल मीडिया अकाउंट चलाने की इजाजत मिलेगी। गौरतलब है कि केजरीवाल पिछले कुछ समय से सरकार की E20 पेट्रोल नीति को लेकर आक्रामक रुख अपनाए हुए हैं और लगातार हमलावर हैं।
इसी सिलसिले में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पूर्व सीएम ने ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री बॉडी सिएम की एक रिपोर्ट का हवाला दिया। उन्होंने दावा किया कि इस रिपोर्ट के मुताबिक E20 ईंधन में नमी और क्लोराइड का स्तर अधिक होता है, जिससे वाहनों के इंजन को भारी नुकसान पहुँच सकता है। E20 पेट्रोल के खिलाफ हाल ही में केजरीवाल ने समर्थकों के साथ प्रधानमंत्री आवास की ओर पैदल मार्च भी निकाला था, जिसे पुलिस ने फिरोजशाह रोड पर रोक दिया था। केजरीवाल ने स्पष्ट किया है कि जनहित से जुड़े इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी का विरोध प्रदर्शन आगे भी जारी रहेगा।
Also Read: सैन्य तनाव के बीच मसूद पेजेश्कियन का बड़ा बयान, अमेरिका ने ईरानी शासन पर खड़े किए सवाल

