Prayagraj के KP मैदान में ही होगा राहुल गांधी का कार्यक्रम, अजय राय बोले- सरकार के दबाव में रद्द हुई अनुमति
Rahul Gandhi Prayagraj Tour: प्रयागराज में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर सियासी विवाद तेज हो गया है। कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि 8 अगस्त को राहुल गांधी का कार्यक्रम तय समय और स्थान पर ही होगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने आरोप लगाया कि सरकार के दबाव में केपी ट्रस्ट (KP Trust) ने मैदान की अनुमति रद्द की है, लेकिन इससे कार्यक्रम पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
अजय राय ने गुरुवार को सिविल लाइंस स्थित एक होटल में प्रेस वार्ता कर राहुल गांधी के कार्यक्रम का मिनट-टू-मिनट शेड्यूल भी साझा किया और दावा किया कि प्रशासन को कार्यक्रम की जानकारी दे दी गई है।
‘सरकारी दबाव में रद्द हुई अनुमति’
अजय राय ने कहा कि केपी ट्रस्ट ने पहले लिखित अनुमति दी, निर्धारित शुल्क लिया और रसीद भी जारी की। तैयारियां शुरू होने के बाद अचानक अनुमति रद्द कर दी गई, जो सरकार के दबाव का नतीजा है।
उन्होंने कहा कि इससे पहले राजस्थान के कोटा और उत्तराखंड में भी राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के कार्यक्रमों को रोकने की कोशिश हुई थी, लेकिन दोनों जगह कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित हुए।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी का यह कार्यक्रम पूरी तरह गैर-राजनीतिक होगा। इसमें किसी राजनीतिक दल का झंडा या बैनर नहीं रहेगा। Rahul Gandhi केवल छात्रों से संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं पर चर्चा करेंगे।
उन्होंने दावा किया कि प्रशासन को कार्यक्रम की पूरी जानकारी दे दी गई है और सहयोग का भरोसा भी मिला है।
पेपर लीक पर सरकार पर साधा निशाना
प्रेस वार्ता के दौरान अजय राय ने भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक (Paper Leak) के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि पहले प्रयागराज (Prayagraj) में प्रश्नपत्र छपते थे और कभी पेपर लीक नहीं होता था, लेकिन जब से प्रश्नपत्र गुजरात में छपने लगे, तब से लगातार लीक की घटनाएं सामने आने लगीं।
उन्होंने आरोप लगाया कि यदि प्रश्नपत्र पहले ही बिक जाए, तो सुरक्षा व्यवस्था और बड़े संसाधन भी उसे नहीं बचा सकते।
Also Read: गलत सवालों पर हाईकोर्ट सख्त, TGT परीक्षा में अब नहीं होगी गलती? आयोग से मांगा हलफनामा

