झारखंड में आंदोलनकारी छात्रों से राहुल गांधी ने की फोन पर बात, मांगी मांगों की सूची
Sandesh Wahak Digital Desk: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली व अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का समर्थन मिला है। गुरुवार रात राहुल गांधी ने रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में 13 दिनों से धरना दे रहे छात्र नेताओं से लगभग 10 मिनट तक फोन पर सीधी बातचीत की। उन्होंने अभ्यर्थियों की सभी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और उनसे अपनी सभी मांगों की विस्तृत सूची व्हाट्सएप पर भेजने को कहा।
छात्रों ने वार्ता के लिए गठित किया 11 सदस्यीय दल
रांची महानगर कांग्रेस अध्यक्ष कुमार राजा के फोन के माध्यम से हुई इस बातचीत में छात्रों ने पेपर लीक, लंबित भर्ती प्रक्रियाओं और अनशन की स्थिति के बारे में राहुल गांधी को पूरी जानकारी दी। राहुल गांधी ने अभ्यर्थियों को न्याय का भरोसा दिलाते हुए कहा कि वे इस संबंध में झारखंड सरकार से बात करेंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि युवाओं की आवाज सुनी जानी चाहिए और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित की जानी चाहिए।
दूसरी ओर, आंदोलनकारी अभ्यर्थियों ने राज्य सरकार के साथ प्रस्तावित बातचीत के लिए 11 सदस्यों का एक प्रतिनिधिमंडल तय कर दिया है। इसमें 8 छात्र प्रतिनिधियों के अलावा मार्गदर्शन के लिए 2 पत्रकार और 1 अधिवक्ता शामिल हैं। हालांकि, छात्रों ने शर्त रखी है कि बातचीत किसी बंद कमरे के बजाय पूरी तरह सार्वजनिक और पारदर्शी माहौल में होगी। बता दें कि सीबीआई जांच और भर्ती प्रणाली में सुधार की मांग को लेकर छात्र 25 जुलाई से आंदोलन कर रहे हैं।
Also Read: कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे बनाने वाली कंपनी का BJP कनेक्शन, खामियों के बाद भी इसलिए मिल रहे नए ठेके!

