Bareilly News: माय भारत जिला सलाहकार समिति की बैठक सम्पन्न, सघन पंजीकरण अभियान का पोस्टर लॉन्च
Bareilly News: विकास भवन स्थित सभागार में गुरुवार को जिला विकास अधिकारी धर्मेंद्र कुमार यादव की अध्यक्षता में ‘माय भारत’ जिला सलाहकार समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत ‘माय भारत सघन पंजीकरण अभियान’ के आधिकारिक पोस्टर के विमोचन के साथ हुई। बैठक के दौरान जिले के युवाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने और केंद्र सरकार की युवा विकास योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के लिए सभी विभागों को मिलकर काम करने के निर्देश दिए गए।

स्वयंसेवकों ने ली स्वच्छता व नशामुक्ति की शपथ
‘माय भारत’ की उपनिदेशक पुष्पा सिंह ने बताया कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए समिति में 17 विभागों के अधिकारियों को शामिल किया गया है। 15 से 29 वर्ष के युवाओं को पोर्टल पर जोड़ने के लिए विभागवार लक्ष्य तय किए गए हैं, जिसके तहत माध्यमिक शिक्षा को 8,000, उच्च शिक्षा को 7,000 और पंचायती राज विभाग को 6,500 पंजीकरण का जिम्मा सौंपा गया है। इसके अलावा बेहतर तालमेल के लिए जिला मुख्यालय के पास नया कार्यालय स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा गया।

बैठक के समापन पर उपनिदेशक पुष्पा सिंह ने उपस्थित सभी राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों को ‘स्वच्छता पखवाड़ा-2026’ और ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान’ की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उप क्रीड़ा अधिकारी अनीता नागर, एनसीसी से नायब सूबेदार एम. खान, सूचना विभाग से प्रशांत पटेल और पर्यटन विभाग से रविंद्र समेत विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: पटना में युवक की मौत पर भड़की भीड़, बस समेत कई वाहन फूंके, पत्रकारों पर भी किया हमला

